रांची में पुलिस पर भारी पड़े 2 चोर, दारोगा से दिनदहाड़े 2 लाख लूटे
Loot in Ranchi राजधानी रांची में अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए सिल्ली थाने में पोस्टेड एएसआई सुरेश ठाकुर से 2 लाख रुपये लूट लिए। बरियातु थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है।
रांची, जेएनएन। राजधानी रांची में आज एक बार फिर अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए दिनदहाड़े एक दारोगा को लूट लिया। रांची के बरियातु थाना क्षेत्र में लूट की इस घटना को अंजाम दिया गया है। रिम्स परिसर स्थित एसबीआई ब्रांच के पास से लूट की जानकारी मिली है। यहां दो बाइक सवार अपराधियों ने 2 लाख लूटे और फिर फरार हो गए। बताया गया है कि रांची के सिल्ली थाने में पोस्टेड एएसआई सुरेश ठाकुर को अपराधियों ने अपना निशाना बनाया है। लूट की सूचना के बाद बरियातु थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की जांच-पड़ताल चल रही है। एएसआइ ने बताया कि यह पैसे अपनी बेटी की शादी के लिए निकाले थे। रांची के कचहरी चौके स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच से उन्होंने 2 लाख रुपये की निकासी मंगलवार को ही की थी।
बताया गया कि रांची के सिल्ली थाना के एएसआइ सुरेश ठाकुर मंगलवार को किसी मामले में हुई मौत के बाद मृतक का पोस्टमार्टम रिपोर्ट लेने आए थे। इस दौरान वह रिपोर्ट लेकर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार दो उचक्के उससे पैसे लूट कर फरार हो गए। वे पैसे से भरा बैग लेकर पैदल ही जा रहे थे। बैग में 2 लाख रुपये रखे थे। बाद में इसकी सूचना बरियातु थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों का सुराग पाने की कोशिश तेज कर दी है।