कोडरमा में कुएं से मां-बेटी का शव बरामद, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस Koderma News
Jharkhand Koderma News ग्रामीणों ने बताया कि सुबह कुएं में शव देखकर पुलिस को खबर किया गया। सूचना पाकर कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
कोडरमा, जासं। कोडरमा थाना क्षेत्र के खरकोटा में शनिवार सुबह कुएं से एक महिला और उनकी दो वर्षीय पुत्री का शव मिला है। मिली जानकारी के अनुसार खरकोटा निवासी 25 वर्षीया मुन्नी देवी, पति शिवशंकर यादव व उनकी दो वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी का शव महिला के घर से आधा किलोमीटर दूर खेत में स्थित कुएं से मिला। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह कुएं में शव देखकर पुलिस को खबर किया गया।
सूचना पाकर कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों की ओर से कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दी जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं स्थानीय लोग दबी जुबान से घटना के पीछे घरेलू विवाद बता रहे हैं। जानकारी के अनुसार घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दी गई है। घटना आगे क्या मोड़ लेगा, यह मायकेवालों के आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।