मंत्री जगरनाथ महतो की फिर बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द के बाद एमजीएम में शिफ्ट किए गए
Jharkhand News बताया जाता है कि चेन्नई में ही रह रहे मंत्री के सीने में दर्द की समस्या होने पर उन्हें एमजीएम में शिफ्ट किया गया। हालांकि उनके बेटे अखिलेश महतो ने पूछे जाने पर कहा कि मंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत फिर बिगड़ गई है। बताया जाता है कि चेन्नई में ही रह रहे मंत्री के सीने में दर्द की शिकायत होने पर उन्हें एमजीएम में शिफ्ट किया गया है। हालांकि उनके बेटे अखिलेश महतो ने पूछे जाने पर कहा कि मंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं। अभी कोई समस्या नहीं है।
बता दें कि झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को कोरोना वायरस हो गया था। उसके बाद उन्हें लंग्स का इंफेक्शन हो गया था। उन्हें इलाज के लिए चेन्नई के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां वे अपना इलाज करा रहे थे। वे ठीक होकर वापस आने वाले थे। इसी बीच आज उन्हें फिर सीने में दर्द की शिकायत हुई।
जगरनाथ महतो को 28 सितंबर 2020 को ही कोरोना संक्रमण हुआ था। इसके बाद वे रिम्स में भर्ती हुए। फिर मेडिका ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें चेन्नई ले जाया गया। उन्होंने 5 अक्टूबर 2020 को ट्वीट करते हुए लिखा कि आप सभी की प्रार्थना, दुआओं व आशीर्वाद से, कल से ही मेरे स्वास्थ में बहुत सुधार हुआ है। मेडिका के चिकित्सकों की देख रेख में पहले से अच्छा महसूस कर रहा हूं। आप सभी के स्नेह एवं आशीष की शक्ति से बहुत जल्द मैं आप सभी के मध्य आउंगा। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।