Jharkhand Lockdown: अब नहीं बढ़ेगा झारखंड में लॉकडाउन... अंतिम सांसें गिन रहा...
Jharkhand Lockdown AGAIN हेमंत सरकार के ताबड़तोड़ फैसलों से झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण काबू में आ गया है। वर्तमान में 3 जून तक लॉकडाउन लगा है। ऐसे में कोरोना के घटते मामलों को देखकर लग रहा है कि राज्य में लॉकडाउन अब नहीं बढ़ेगा।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Lockdown AGAIN झारखंड में लॉकडाउन जल्द हटेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार के ताबड़तोड़ फैसलों से झारखंड में कोरोना वायरस संक्रमण लगभग काबू में आ गया है। वर्तमान में 3 जून तक लॉकडाउन लगा है। ऐसे में कोरोना के तेजी से घटते मामलों को देखकर संभावना जताई जा रही है कि राज्य में लॉकडाउन अब नहीं बढ़ेगा। इससे पहले गांवों में स्वास्थ्य सर्वे में भी बेहद कम संख्या में ग्रामीणों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। अब कोरोना से मौतें भी कम हो रही हैं। जबकि पूरे राज्य में पॉजिटिविटी रेट 1 फीसद पर पहुंच गई है।
बहरहाल राज्य सरकार अब जनजीवन को सामान्य करने के लिहाज से 3 जून सुबह छह बजे तक झारखंड में लागू लॉकडाउन को यहीं से समाप्त कर देगी। संभव है कि तमाम बंदिशें और पाबंदियां हटा ली जाएं और बिना ई-पास के बेरोकटोक आवागमन शुरू हो जाए। इसके साथ ही जिले और राज्य में बसें चलाए जाने की घोषणा भी सरकार कर सकती है। सरकार के सूत्रों के मुताबिक कोरोना की चेन टूटने के साथ ही सरकार जनता को राहत देने के मूड में है। एक दो कड़ाई या फिर धारा-144 को अभी आगे जारी रखा जा सकता है। झारखंड में लॉकडाउन हटाने पर अंतिम फैसला 1 जून को होगा।
राज्य में बीते तीन दिनों में कोविड से ज्यादा यास तूफान ने लोगों को डराया। घरों में दुबके रहे, सड़क पर नहीं निकले तो कार्रवाई भी नहीं के बराबर रही। कुछ जिलों में तो इस तीन दिनों के तूफान के दौरान लॉकडाउन उल्लंघन का मामला शून्य पर रहा। 26 मई को रांची, जमशेदपुर व सरायकेला में लॉकडाउन उल्लंघन का एक भी मामला सामने नहीं आया।
इसी तरह 27 मई को छह जिले यानी खूंटी, गुमला, सरायकेला, लातेहार, जमशेदपुर व साहिबगंज जिले में लॉकडाउन उल्लंघन का मामला शून्य रहा। वहीं, 28 मई को लोहरदगा व रामगढ़ जिले में भी लॉकडाउन उल्लंघन का मामला शून्य रहा। हालांकि, अन्य जिलों में पुलिस ने कार्रवाई की, लेकिन बहुत कम लोगों ने ही लॉकडाउन का उल्लंघन किया।
26 मई को 455 लोगों ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया था, जिनसे 323550 रुपये का जुर्माना, 27 मई को 207 लोगों ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया, जिनसे 105000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसी तरह 28 मई को 728 लोगों ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया, जिनसे पुलिस ने 506800 रुपये का जुर्माना वसूला है।