आइसोलेशन वार्ड से काेरोना संक्रमित फरार, हत्या का आरोपित है बंदी Koderma News
Jharkhand Koderma News हत्या का आरोपित कोडरमा सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इलाजरत था। इससे पहले भी 2 संक्रमित मरीज यहां से फरार हो चुके हैं।
कोडरमा, जासं। कोडरमा सदर अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड से गुरुवार की अहले सुबह हत्या का एक अभियुक्त पप्पू विश्वकर्मा (ग्राम खारो देवरी, गिरिडीह) निवासी फरार हो गया है। जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमित मरीज को सांस लेने में तकलीफ के बाद उसे बुधवार को मंडल कारा से सदर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार पप्पू विश्वकर्मा देवरी थाना कांड संख्या 38/19 में नामजद अभियुक्त है।
कुछ दिनों पूर्व गिरिडीह जेल में बंदियों की संख्या ज्यादा होने के कारण उसे कोडरमा मंडल कारा में शिफ्ट किया गया था। उसके साथ एक अन्य बंदी अशोक यादव को भी सदर अस्पताल स्थित आइसोलेशन में भर्ती कराया गया था। ज्ञात हो कि सदर अस्पताल आइसोलेशन वार्ड से पहले भी 2 संक्रमित मरीज फरार हो चुके हैं। यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। अस्पताल के चिकित्सक डॉ शरद कुमार ने बताया कि मरीज प्रथम तल के खिड़की से कूदकर फरार हो गया है। इसकी सूचना कोडरमा पुलिस को दे दी गई है।