कांग्रेस भवन में मनाई गई कार्तिक उरांव जयंती, मुकुंद नायक सहित 6 लोग किए गए सम्मानित
Jharkhand News रांची के कांग्रेस भवन में कार्यक्रम में प्रोफेशनल कांग्रेस आदिवासी समाज में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले प्रमुखों को सम्मानित करेगी। इनमें मुकुंद नायक पद्मश्री सीमेन उरांव अरुण तिर्की संजीव टोप्पो विपुल नायक पुष्पा दास शामिल हैं।
रांची, जासं। झारखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने वाले पूर्व केन्द्रीय मंत्री कार्तिक उरांव की जयंती पर आज रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस भवन में मनाई गई और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्तिक उरांव जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह की अध्यक्षता प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आदित्य विक्रम जायसवाल ने की, जबकि प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डा राजेश गुप्ता छोटू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा रामेश्वर उराँव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें कार्तिक बाबू का सानिध्य प्राप्त करने का मौका मिला।
जब वे यूपीएससी और प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तब कई मौके पर उन्हें दिल्ली स्थित कार्तिक उरांव के आवास पर जाने का अवसर मिलता था। वे हमेशा कहते थे कि जनप्रतिनिधियों और सेवा कार्य में लगे अधिकारियों को क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्याएं सुननी चाहिए, तभी उनका समुचित समाधान संभव है। वे अक्सर अपने लोगों को पत्र भी लिखते रहते थे, इसी कारण जब भी वे गांव और अपने क्षेत्र में जाते थे, तो लोगों से यह सुनने को मिलता था कि कार्तिक बाबू का पत्र उन्हें मिला है।
उन्होंने कहा कि एक अभियंता और राजनेता के रूप में कार्तिक बाबू ने ईमानदारीपूर्वक काम किया, उनकी सादगी और आदर्श की चर्चा अब भी पूरे इलाके में होती है। एकीकृत में कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने और खासकर झारखंड जैसे आदिवासी बहुल इलाकों में पार्टी संगठन को मजबूत करने में उनका बड़ा योगदान रहा। संगठन में योगदान के कारण ही बिहार में भी पार्टी को मजबूती मिली।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेशनल कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल ने कहा कि एक छोटे से गांव से निकलकर देश प्रेम और राज्य प्रेम ने उन्हें राजनीति में लाया और उनकी राजनीति ने झारखंड अलग राज्य का सपना देखा और पूरा हुआ।
इस मौके पर पद्मश्री मुकुंद नायक, जल पुरुष पद्मश्री सिमोन उरांव, कत्थक और लोक नृत्य कलाकर विपुल नायक, प्रयास हमारा संस्था के संस्थापक अजीत टोप्पो,अंतरराष्ट्रीय एथलीट पुष्पा हस्सा, छऊ नृत्य व मांदर के विख्यात कलाकार मनपुरण नायक, मर्यादा गंभीर संस्था की ख्याति मुंजाल को शॉल, सर्टिफिकेट और बुके देकर सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित अतिथियों ने अपने संबोधन में कार्तिक उराँव के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला एवं मुकुन्द नायक तथा मनपुरण नायक ने संगीत भी प्रस्तुत किया।