झारखंड हाई कोर्ट ने सरकार से पूछा, कितने विधायक हैं दागी; जानिए मामला
Jharkhand High Court. झारखंड के विधायकों के खिलाफ दर्ज मामलों की अपडेट जानकारी हाई कोर्ट ने मांगी है। वादी ने राज पलिवार ढुलू महतो व दिनेश उरांव का मामला उठाया
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड हाई कोर्ट में राज्य के विधायकों के खिलाफ लंबित मामलों की त्वरित सुनवाई की मांग वाली याचिका पर सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस अनिरुद्ध बोस व जस्टिस एचसी मिश्र की अदालत ने राज्य सरकार से विधायकों के खिलाफ आपराधिक मामलों की नवीनतम स्थिति की जानकारी मांगी है। अदालत ने सरकार से पूछा है कि विधायकों के खिलाफ कितने मामले दर्ज हैं। कितने का अनुसंधान पूरा हो गया है और कितने में जांच चल रही है। ट्रायल की स्थिति क्या है। सरकार को 26 अप्रैल को पूरी रिपोर्ट अदालत में दाखिल करनी है।
प्रार्थी की ओर से अदालत को बताया गया कि सरकार ने विधायक राज पलिवार, ढुलू महतो और दिनेश उरांव के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की अद्यतन स्थिति की जानकारी नहीं दी है। जबकि कई बार कोर्ट ने सभी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी मांगी है। इस पर कोर्ट ने सभी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की जानकारी मांगी है। इस संबंध में झारखंड अगेंस्ट करप्शन ने हाई कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की है। याचिका में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में जन प्रतिनिधियों के खिलाफ लंबित आपराधिक मामलों का जल्द निपटारा करने का आग्रह हाई कोर्ट से किया गया है।