राज्यपाल ने दुमका दुष्कर्म मामले में डीजीपी को राजभवन बुलाया, आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया आदेश
Dumka Gang Misdeed Case राज्यपाल ने राज्य में हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इस प्रकार का भयमुक्त वातावरण हो कि सभी लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
रांची, राज्य ब्यूरो। Dumka Gang Misdeed Case राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को राज्य के प्रभारी पुलिस महानिदेशक एमवी राव को राजभवन बुलाकर राज्य की विधि व्यवस्था की जानकारी ली। इस क्रम में राज्यपाल ने राज्य में हो रही दुष्कर्म की घटनाओं पर अपनी गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में इस प्रकार का भयमुक्त वातावरण हो कि सभी लोग स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। उन्होंने दुमका में सामूहिक दुष्कर्म मामले में भी की गई कार्रवाई की जानकारी लेते हुए शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया।
प्रभारी पुलिस महानिदेशक ने राज्यपाल को बताया कि दुमका मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। राज्यपाल ने ऐसे सभी मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बता दें कि पिछले दिनों पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर के नेतृत्व में महिलाओं का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला था और दुमका की घटना के मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की थी।
बता दें कि दुमका में पिछले सप्ताह अपने पति के साथ बाजार से वापस घर जा रही एक आदिवासी महिला से 17 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। महिला अपने पति के साथ बाजार करके घर जा रही है। शाम में शराब के नशे में धुत युवकों ने महिला के पति को रस्सी से बांध दिया और महिला को झाड़ी में ले गए। इसके बाद उसके साथ बारी-बारी दुष्कर्म किया।