ADG रेजी डुंगडुंग का वीआरएस मंजूर, 16 अक्टूबर को होंगे रिटायर-लड़ेंगे विधानसभा चुनाव
Jharkhand Police. एडीजी रेजी डुंगडुंग ने सरकार से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की मांग की थी। सोमवार को राज्य सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। संचार एवं तकनीकी सेवाओं के एडीजी रेजी डुंगडुंग की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन पर सरकार की स्वीकृति मिल गई है। गृह विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। जारी अधिसूचना के अनुसार एडीजी रेजी डुंगडुंग 16 अक्टूबर से सेवानिवृत्त हो जाएंगे। 1987 बैच के इस आइपीएस अधिकारी ने जुलाई महीने में ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन दिया था। उन्होंने 15 अक्टूबर तक सेवानिवृत्त करने के लिए सरकार से आग्रह किया था।
वे नियमत: 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले थे। करीब ढाई महीने पहले पहले वे सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे सेवानिवृत्ति के बाद समाजसेवा के क्षेत्र में कदम रखेंगे। वे विधानसभा चुनाव लडऩे का मन बना चुके हैं। लेकिन, यह पूछे जाने पर कि किस पार्टी से और कहां से चुनाव लड़ेंगे, एडीजी रेजी डुंगडुंग ने हंसते हुए कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया। कहा कि वे अभी सेवा में हैं। जिस दिन सेवानिवृत्त होंगे, उसके बाद ही कुछ बोलेंगे।
बकोरिया मुठभेड़ पर सवाल उठाने पर हटाए गए थे सीआइडी के एडीजी पद से
पलामू के सतबरवा ओपी क्षेत्र स्थित बकोरिया में आठ जून 2015 की रात कथित मुठभेड़ में पुलिस ने 12 नक्सलियों के मारने का दावा किया था। तब सीआइडी के एडीजी रेजी डुंगडुंग थे। उन्हें पूरे मामले में जानकारी हुई तो उन्होंने इस मुठभेड़ पर सवाल उठाया और जांच शुरू करवा दी। हालांकि तब एक सप्ताह के भीतर यानी 15 जून 2015 को ही उन्हें एडीजी सीआइडी का पद गंवाना पड़ा था। उनका स्थानांतरण जैप के एडीजी के पद पर कर दिया गया। वर्तमान में बकोरिया मुठभेड़ की जांच झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआइ कर रही है।
यहां सेवाएं दे चुके हैं एडीजी रेजी डुंगडुंग
एएसपी पटना, एएसपी धनबाद, एसपी जमशेदपुर, एसपी सहरसा, समादेष्टा बीएमपी-4 बोकारो, एसपी साहिबगंज, कमांडेंट बीएमपी-3 गोविंदपुर, एसपी रेल धनबाद, एसपी बोकारो, कमांडेंट बीएमपी-6 जमशेदपुर, एसपी धनबाद, एसपी नालंदा, एसपी गुमला, एसपी कोडरमा, कमांडेंट जैप वन, डीआइजी जैप, आइजी जैप, आइजी रांची, एडीजी विशेष शाखा, एडीजी सीआइडी, एडीजी जैप और वर्तमान में एडीजी संचार एवं तकनीकी सेवा।