Jharkhand Assembly: रांची-हजारीबाग-साहिबगंज में स्वच्छ हवा के लिए कार्ययोजना बनाएगी सरकार
Jharkhand Assembly Budget Session झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। अब तक सदन की कार्यवाही काफी हंगामेदार रही है। इस दौरान पक्ष और विपक्ष के नेता एक-दूसरे पर तीखे वार करते नजर आए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Budget Session झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। सदन की कार्यवाही प्रारंभ हो गई है। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक बंधु तिर्की के अल्पसूचित प्रश्न पर सरकार ने जवाब देते हुए कहा कि रांची, हजारीबाग, रामगढ़, पश्चिमी सिंहभूम, पाकुड़, साहिबगंज शहर में स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना विकसित की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी सेंटर फॉर इनवायरमेंट एंड इनर्जी डवलपमेंट को दी गई है।
विधानसभा में झारखंड राज्य के स्थानीय उम्मीदवार के नियोजन विधेयक 2021 पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि कोई अनियमितता न हो, इसलिए बढ़िया फ्रेमवर्क के साथ इसे लागू करेंगे। सीएम ने कहा कि बिल में 22-23 संशोधन है। इसमें संशोधन के लिए बिल प्रवर समिति को भेजा जाएगा। पक्ष और विपक्ष ने इसके लिए सीएम को धन्यवाद दिया। इसके बाद झारखंड विद्युत शुल्क संशोधन विधेयक 2021 पर चर्चा हुई। विद्युत शुल्क संशोधन विधेयक विधानसभा में स्वीकृत हो गया। झारखंड क्षेत्रीय विकास प्राधिकार संशोधन विधेयक 2021 पर चर्चा हुई। झारखंड क्षेत्रीय विकास प्राधिकार संशोधन विधेयक 2021 सदन में स्वीकृत हुआ। झारखंड मोटर वाहन प्रारूपण संशोधन विधेयक 2120 सदन में स्वीकृत किया गया। श्रीनाथ विश्वविद्यालय विधेयक 2021 सदन में स्वीकृत हुआ। सदन में 44 गैर सरकारी संकल्पों पर चर्चा हुई।
झारखंड विधानसभा का बजट सत्र अब तक काफी हंगामेदार रहा है। कल भारी हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही आज तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। पक्ष-विपक्ष के बीच तीखे नोंक-झोंक के अलावा सत्ता पक्ष के विधायकों ने भी अपनी सरकार पर उंगली उठाई। कृषि कानून पर चर्चा के विरोध में भाजपा विधायक कल काले कपड़े में पहुंचे।