गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार महिला मिली कोरोना संक्रमित, पुलिसकर्मियों में मची खलबली Garhwa News
Jharkhand Garhwa News सोमवार को मामला दर्ज कर पुलिस ने गांजा तस्कर सीमा देवी को न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेजने से पूर्व यहां अनुमंडल अस्पताल में कोरोना जांच कराया था। जांच के बाद सीमा देवी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली।
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा), जासं। गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर थाने की पुलिस के हत्थे चढ़ी गांजा की अंतरराज्यीय महिला तस्कर कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। महिला तस्कर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। पुलिस द्वारा सोमवार की देर शाम उसे यहां ट्रॉमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
महिला भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बनखेता गांव के रहने वाली है। बताते चलें कि श्री बंशीधर नगर थाने की पुलिस ने रविवार की शाम में रेलवे क्रॉसिंग के निकट से बोलेरो में लदे छह बोरा में 57 किलो गांजा के साथ सीमा देवी नामक एक अंतरराज्यीय महिला तस्कर को गिरफ्तार किया था।
सोमवार को मामला दर्ज कर पुलिस ने गांजा तस्कर सीमा देवी को न्यायिक हिरासत में गढ़वा भेजने से पूर्व यहां अनुमंडल अस्पताल में उसकी कोरोना जांच कराई गई थी। जांच के बाद सीमा देवी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। पुलिस द्वारा देर शाम उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं इसकी गिरफ्तारी में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों का कोरोना जांच के सैंपल लिया जा रहा है।