चंद रुपयों की लालच में 2 युवकों की गई जान, तस्करों का पशु नदी पार कराने में डूबे Garhwa News
Jharkhand Garhwa News ग्रामीणों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों का शव कोयल नदी से बाहर निकाला।
कांडी (गढ़वा), जासं। गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के जयनगरा गांव के सामने कोयल नदी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में जयनगरा गांव निवासी कोमल बैठा व सेतो गांव निवासी मोनू बैठा का नाम शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों लोग कोयल नदी में सदिक मिंया की गाय पार करा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी शिव बच्चन, रूपन कुमार व अभिषेक कुमार ने बताया कि दोनों लोग गाय के साथ नदी पार कर रहे थे कि अचानक डूबने लगे।
उन्हें डूबता देख नदी किनारे खड़े लोग हल्ला करने लगे। वहां मौजूद सदिक मियां इन्हें हल्ला करने से मना करने लगा। बावजूद इसके तीनों गांव की तरफ दौड़ कर गए और लोगों को सूचना दी। लोग जब तक पहुंचते, दोनों डूब चुके थे। ग्रामीणों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों का शव कोयल नदी से निकाला। प्रत्यदर्शियों ने बताया कि दोनों को डूबता देख सदीक मियां भी मौके से फरार हो चुका था। लोगों की मानें तो सदीक गाय की तस्करी करता है।
लोगों ने बताया कि मृत दोनों लोग पैसा लेकर अक्सर पशु तस्करों का मवेशी नदी में पार कराते थे। इसके एवज में तस्कर उन दोनों को सौ-पचास रुपये दे देता था। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे जैसे ही दोनों गाय को नदी पार करने लगे, भीम बराज का गेट खुला हुआ था। इससे अचानक नदी में पानी बढ़ गया। दोनों कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों पानी के तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी मिलते ही कांडी बीडीओ जोहन टुडू मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। साथ ही कांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन कर रही है।