Diwali 2019: इस दिवाली जरूर करें ये काम; अप्रिय स्थिति में इन नंबरों पर करें फोन
Diwali 2019 घर के मुख्यद्वार पर रंगोली बनाएं। रंगोली के लिए आर्टिफिशियल रंगों का प्रयोग न करें। इनके बजाय हल्दी आटा और रोली का प्रयोग करें।
रांची, जेएनएन। Diwali 2019 दिवाली पर हर चेहरा निहाल है। सबकी आंखों में चमक है। सालोंभर यही उत्साह और ओज बना रहे, इसके लिए हमें दिवाली पर कुछ खास उपाय करने चाहिए। मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश का आशीर्वाद पाने के लिए इस दिवाली हमें ये काम जरूर करने चाहिए। आइए जानें .....
- पूजन के लिए कभी बड़ी प्रतिमा का उपयोग न करें। लक्ष्मी के साथ-साथ गणेश भगवान की भी प्रतिमा स्थापित करें।
- घर के मुख्यद्वार पर रंगोली बनाएं। रंगोली के लिए आर्टिफिशियल रंगों का प्रयोग न करें। इनके बजाय हल्दी, आटा और रोली का प्रयोग करें।
- आम और अशोक के पत्तों से मुख्यद्वार पर बंदनवार बनाए या फूलों के अलावा रेडीमेड बंदनवार भी लगाए।
- मां लक्ष्मी के पदचिह्न मुख्य द्वार पर ऐसे लगाएं कि कदम बाहर से अंदर की ओर जाते हुए प्रतीत हों।
- दरवाजे पर हल्दी और कुमकुम से स्वास्तिक बनाना भी शुभ है।
- दिवाली के दिन घर में श्रीयंत्र की स्थापना करनी चाहिए।
- दिवाली पर दीये अगर चार के गुणांक में लगाए जाना बहुत शुभ माना जाता है। जैसे- आठ, बारह, सोलह और बीस आदि।
अग्निशमन विभाग तैयार, जारी किया नंबर
दीपावली के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था को देखते हुए अग्निशमन विभाग भी तैयार है। कहीं कोई अप्रिय घटना न हो, इसे देखते हुए विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। कहीं भी आगजनी की सूचना पर फायर टेंडर तुरंत पहुंचेगा, ऐसी व्यवस्था की गई है। रांची में अग्निशमन विभाग ने अपने चारो फायर स्टेशनों का नंबर जारी कर दिया है, यहां सूचना दी जा सकती है। इन नंबरों पर 24 घंटे आगजनी की घटना की जानकारी दी जा सकती है। जहां जहां पटाखा बाजार लगाया गया है वहां भी फायर टेंडर खड़ा किया गया है।
- डोरंडा फायर स्टेशन का नंबर 9304953404
- पिस्का मोड़ फायर स्टेशन का नंबर 9304953405
- धुर्वा फायर स्टेशन का नंबर 9304953407
- आड्रे हाउस फायर स्टेशन का नंबर 9304953406
दिवाली पर 60 मजिस्ट्रेट की तैनाती
दिवाली में विधि व्यवस्था की दृष्टि से विभिन्न थाना, पूजा पंडाल और अन्य स्थानों पर दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। 33 स्थानों पर दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, 14 दंडाधिकारियों को सुरक्षित रखा गया है। थानों में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नियमित अंतराल पर अपने थाना क्षेत्र में भ्रमण करें। साथ ही लाइसेंसधारी ही पटाखों का विक्रय करें, पटाखा विक्रेता अनुज्ञप्ति के शर्तों का अनुपालन करें और पटाखा विक्रेता निर्धारित ध्वनि से अधिक पटाखों वाला का बिक्री न करें इसके लिए नजरें बनाए रखें। इसके अलावा पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही जिला नियंत्रण कक्ष पर पदाधिकारी बने रहेंगे।