मंत्री रामेश्वर उरांव के अटपटे बोल, मेरे नाम पर कोई रंगदारी कर रहा तो मुझे फोन कीजिए Political Updates
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने मोरहाबादी में उनके नाम पर अतिक्रमण हटाने के विरोध की खबर पर कहा कि इस मामले को मैैंने अधिक गंभीरता से नहीं लिया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव ने मोरहाबादी में उनके नाम पर अतिक्रमण हटाने के विरोध की खबर पर कहा कि समाचार पत्रों से ही उन्हें इसकी जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि इस मामले को मैैंने अधिक गंभीरता से नहीं लिया है। कहा कि अगर कोई मेरे नाम पर रंगदारी कर रहा था तो टीम के लोग या प्रशासन के अधिकारियों को मुझसे इस मुद्दे पर बात कर लेनी चाहिए थी। उन्होंने इसके साथ ही जोड़ा कि आखिर कोई ठेला लगाकर कमा-खा ले रहा है तो इस मामले में उन्हें बहुत अधिक हस्तक्षेप नहीं करना। प्रशासन अपना काम करे तो ऐसी परेशानी नहीं होगी।
वादे पूरे करने में अक्षम सरकार अब बना रही बहाने : भाजपा
भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार के दलों ने अपने चुनाव घोषणापत्र में बड़े-बड़े वादे किए थे। अब इन वादों को पूरा करने में वे अपने आप को असक्षम महसूस कर रहे हैं, इसीलिए झूठे बहाने बनाने शुरू कर दिए हैं। प्रतुल ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार यह कह रहे हैं कि खजाना खाली है। जबकि यह बात सब लोग जानते हैं कि सबसे ज्यादा राजस्व वसूली दिसंबर, जनवरी और के महीने में ही होती है। सरकार ने राजस्व वसूली पर ध्यान ही नहीं दिया। कांग्रेस और झामुमो ने पहली ही कैबिनेट में किसानों के ऋण माफी की घोषणा करने का निर्णय लेने का वादा किया था। सरकार बनने के एक महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद भी अब तक इस मुद्दे पर कोई निर्णय नही हुआ है।
अभिषेक प्रसाद होंगे सीएम के प्रेस सलाहकार
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अभिषेक प्रसाद को अपना प्रेस सलाहकार नियुक्त किया है। इस बाबत मुख्यमंत्री कार्यालय ने निर्देश निर्गत किया है। अभिषेक प्रसाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता भी हैैं।
राकेश प्रसाद का इस्तीफा स्वीकार
राज्य 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद का इस्तीफा सरकार ने स्वीकार कर लिया है। राकेश प्रसाद ने भाजपा की सत्ता जाते ही इस पद से इस्तीफा दे दिया था।