इस शिक्षक ने लॉकडाउन में आसान बनाई छात्रों की पढ़ाई, अभ्यास के लिए तैयार किए मॉडल प्रश्नपत्र
Jharkhand Lockdown Education News संजय कुमार के द्वारा बनाए गए इस मॉडल प्रश्न पत्र की प्रशंसा झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक ने भी की है।
धनबाद, [शशिभूषण]। सरकारी विद्यालय के छात्रों एवं शिक्षकों ने वर्तमान कोरोना संकट के कारण जारी लॉकडाउन में अपने अध्ययन-अध्यापन के तरीके में बदलाव लाकर इस धारणा को गलत साबित कर दिया है कि सरकारी विद्यालय के छात्र एवं शिक्षक तकनीकी रूप से दक्ष एवं कुशल नहीं हैं। एक ओर इस लॉकडाउन के समय में जहां झारखंड में व्हाट्सएप के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है, वहीं उच्च विद्यालय धनबाद के छात्र-छात्रा अपने शिक्षक के कुशल मार्गदर्शन में पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय के एक शिक्षक संजय कुमार ने गूगल डॉक्स के माध्यम से प्रश्न पत्र का सेट तैयार किया है। इससे बच्चे प्रश्नों के उत्तर का अभ्यास कर रहे हैं।
लॉकडाउन की परिस्थिति से सामंजस्य स्थापित कर शिक्षक संजय कुमार ने वर्ग 8 की आगामी बोर्ड परीक्षा को देखते हुए जैक रांची के द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने के उद्देश्य गूगल फॉर्म में सभी विषय का बहुविकल्पीय प्रश्न पत्र कई सेटों में तैयार किया है। उसे विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप के सोशल साइट पर डालकर बच्चों का नियमित रूप से टेस्ट ले रहे हैं। इससे केवल उच्च विद्यालय धनबाद के छात्र ही नहीं, बल्कि झारखंड के 21 जिलों के बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं।
संजय कुमार के इस नए प्रयोग की प्रशंसा झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक ने भी की है। निदेशक ने संजय कुमार के द्वारा तैयार किए गए प्रश्न पत्र का अभ्यास दूसरों जिले में भी कराने को कहा है। इसके बाद से राज्य के 21 जिलों के बच्चे उनके बनाए प्रश्नपत्र का अभ्यास कर रहे हैं। संजय कुमार के इस नए प्रयोग को सरकार ने भी अपनाया है। इसके लिए बकायदा संजय कुमार की सक्सेस स्टोरी को स्थान भी मिला है।
कुमार का कहना है कि वर्ग 6 और 7 का भी दर्जनों सेट तैयार कर प्रदेश के बच्चे से अभ्यास कराने की योजना है। जिला शिक्षा अधीक्षक इंद्र भूषण सिंह ने बताया कि संजय कुमार ने प्रश्न पत्र तैयार कर बच्चों के मूल्यांकन को आसान बना दिया है। वहीं शिक्षकों के लिए एक मिसाल भी पेश की है। इसके लिए उन्हें शिक्षा विभाग मुख्यालय की ओर से सम्मानित भी किया गया है।