पुलिस की दबिश से क्यों बौखला गए नक्सली, जानिए, नक्सलियों की बौखलाहट की वजह
Jharkhand Crime News पुलिस की दबिश से लगातार कमजोर हो रहे नक्सली बौखलाहट में हैं। पंजाब दिल्ली व जम्मू में पिछले दिनों आईइडी विस्फोटक की बरामदगी के बाद से ही झारखंड पुलिस अलर्ट पर है। पति राम मांझी तथा मिसिर बेसरा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
रांची, (राज्य ब्यूरो)। Jharkhand Crime News : पुलिस की दबिश से लगातार कमजोर हो रहे नक्सली बौखलाहट में हैं। यही वजह है कि पश्चिमी सिंहभूम में पूर्व विधायक गुरुचरण नायक पर हमला कर उनके दो अंगरक्षको को मारा और हथियार लूट लिए, अब गिरिडीह के पीरटांड़ में दो मोबाइल टावर को उड़ा दिया। गुमला के गुरदारी माइंस में 2 दर्जन से अधिक वाहनों को फूंककर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश की। यह नक्सलियों की बौखलाहट ही है। वे अपने जनाधार को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। झारखंड पुलिस मुख्यालय भी इसकी पुष्टि करता है। हालांकि पुलिस मुख्यालय का कहना है कि झारखंड पुलिस अलर्ट है, नक्सलियों पर दबदबा कायम रहेगा।
पंजाब, जम्मू और दिल्ली में आईईडी बरामद होने के बाद से ही अलर्ट पर है पुलिस
पंजाब, दिल्ली व जम्मू में पिछले दिनों आईइडी, विस्फोटक की बरामदगी के बाद से ही झारखंड पुलिस अलर्ट पर है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को आदेश दिया है कि संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त तेज करें। गणतंत्र दिवस तक सभी जिलों के लॉज होटल रेस्टोरेंट गेस्ट हाउस की नियमित चेकिंग करें। जो भी संदिग्ध व्यक्ति दिखे उसकी तलाशी लें और कानून सम्मत काम करें।
इस वजह से बौखलाए हैं नक्सली
पहले एक करोड़ के इनामी पोलितब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस उर्फ किशन, सेंट्रल कमेटी सदस्य शीला मरांडी सहित 6 उग्रवादियों की गिरफ्तारी, उसके बाद 10 लाख रुपए के इनामी माओवादी महाराज प्रमाणिक सहित दस्ते के 5 उग्रवादियों के आत्मसमर्पण ने क्षेत्र में नक्सलियों को कमजोर किया है। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली महाराज प्रमाणिक, बैलून सरदार, सूरज सरदार, सूरज की पत्नी और अनल के अंगरक्षक नक्सल प्रभावित इलाकों के लिए दुर्दांत माने जाते रहे हैं। सरायकेला खरसावां पश्चिमी सिंहभूम खूंटी और रांची के जंक्शन क्षेत्र में इनकी बदौलत कभी नक्सलियों की तूती बोलती थी। एक दिन पहले महाराज प्रमाणिक ने आत्मसमर्पण के वक्त बताया था कि अब उस क्षेत्र में नक्सली बेहद कमजोर पड़ गए हैं।
अनल वह मिसिर बेसरा बना हुआ है पुलिस के लिए चुनौती
झारखंड पुलिस के लिए एक करोड़ का इनामी अनल उर्फ पति राम मांझी तथा मिसिर बेसरा पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। अपने हार्डकोर कैडर को होने के बाद इन दोनों के दस्ते ने पुलिस को मात देने की कई बार नाकाम कोशिश कर दी है। पुलिस भी अलर्ट है, जनता का भी सहयोग नहीं मिल रहा है, यही वजह है कि नक्सली और बौखला गए हैं।