Jharkhand Coronavirus News: झारखंड में अब कम मिल रहे कोरोना मरीज, 23221 लोगों की जांच में 196 संक्रमित
Jharkhand Coronavirus News Update अब झारखंड में कोरोना जांच में एक फीसद से भी कम संक्रमित मिल रहे हैं। 16 जिलों में छिटपुट मरीज मिले। पांच जिले में एक भी नहीं मिले। शनिवार को 288 मरीज स्वस्थ हुए।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में अब धीरे-धीरे कोरोना वायरस का संक्रमण कम होता जा रहा है। राज्य में कोरोना जांच में लगातार एक फीसद से भी कम लोग संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को पूरे राज्य में 23,221 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 196 लोग संक्रमित पाए गए। इस तरह, पॉजिटिविटी रेट महज 0.84 फीसद रही। हाल के दिनों में ऐसा लगातार हो रहा है। दूसरी तरफ, राज्य के तीन-चार जिलों को छोड़कर अन्य जिलों में छिटपुट मरीज ही मिल रहे हैं।
शनिवार को भी राज्य के 16 जिलों में 10 से कम संख्या में कोरोना संक्रमित मिले, वहीं पांच जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला। सिर्फ रांची, बोकारो तथा धनबाद में ही अधिक संख्या में नए संक्रमित पाए गए। पहले की तरह शनिवार को भी रांची में सबसे अधिक 80 संक्रमित मिले। इसके बाद बोकारो तथा धनबाद में 24-24 नए संक्रमित की पहचान हुई। वहीं, राज्य के विभिन्न जिलों में 288 मरीज स्वस्थ भी हुए। पूरे राज्य में सिर्फ रांची में एक मरीज की मौत हुई।
अन्य जिलों में मिले संक्रमित की बात करें तो पूर्वी सिंहभूम में नौ, पश्चिमी सिंहभूम में आठ, पलामू में सात, देवघर में छह, गढ़वा तथा साहिबगंज में पांच-पांच, हजारीबाग, रामगढ़ तथा खूंटी में चार-चार, लातेहार, लोहरदगा तथा चतरा में तीन-तीन, जामताड़ा, सरायकेला खरसावां तथ सिमडेगा में दो-दो, गोड्डा में एक नए संक्रमित मिले। दुमका, गिरिडीह, गुमला, कोडरमा, पाकुड़ में कोई संक्रमित नहीं मिला।
शनिवार को बोकारो में 18, देवघर में 19, धनबाद में 32, दुमका में दो, पूर्वी सिंहभूम में 21, गढ़वा में 11, गोड्डा में दो, गुमला में 10, हजारीबाग में चार, खूंटी में पांच, कोडरमा में एक, लातेहार में नौ, लोहरदगा में दो, पलामू में दस, रामगढ़ में नौ, रांची में 106, साहिबगंज में चार, सरायकेला में चार, सिमडेगा में दो तथा पश्चिमी सिंहभूम में 10 मरीज स्वस्थ भी हुए। इधर, राज्य में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 1,10,186 हो गए हैं। हालांकि इनमें 1,07,362 (97.43 फीसद) मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अब 1,825 मरीज ही पॉजिटिव हैं।