Coronavirus Update: झारखंड में कोरोना का संक्रमण खतरनाक स्थिति में नहीं, आबादी के अनुसार अभी भी राहत
Jharkhand Coronavirus Update दस लाख की आबादी पर राज्य में 543 लोग ही कोरोना पॉजिटिव हैं। छत्तीसगढ़ हिमाचल प्रदेश मध्य प्रदेश व सिक्किम में भी कम संक्रमण है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के लिए राहत की बात है कि यहां कोरोना का संक्रमण अन्य कई राज्यों की तरह खतरनाक स्थिति में नहीं पहुंचा है। यहां हाल के दिनों में बड़ी संख्या में नए मरीज मिलने के बावजूद आबादी के अनुसार उतना संक्रमण नहीं फैला है। ऐसा इसलिए कहा जा सकता है, क्योंकि देश के जिन पांच राज्यों में दस लाख की आबादी पर कम लोग पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें झारखंड भी शामिल है।
झारखंड में अबतक 10 लाख आबादी पर महज 543 लोग ही संक्रमित हुए हैं। इस श्रेणी में झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा सिक्किम शामिल हैं। दूसरी तरफ, कई राज्यों में इतनी आबादी पर एक हजार से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं, जो इन राज्यों से दोगुने से अधिक हैं।
राज्य में 12 अगस्त तक 20,321 लोग संक्रमित मिले
झारखंड में 12 अगस्त तक कुल 20,321 लोग (इनमें 12,412 स्वस्थ हो चुके हैं) कोरोना से संक्रमित पाए गए। इस तरह, यहां की आबादी के अनुसार, दस लाख की आबादी पर महज 543 लोग ही अभी तक संक्रमित हुए हैं। यह कहा जा सकता है कि झारखंड में दस लाख की आबादी पर जांच भी कम हुई, इसलिए यहां कम संक्रमित की पहचान हो पाई। लेकिन, कई ऐसे राज्य हैं, जहां कम जांच के बाद भी झारखंड से काफी अधिक संक्रमित मिले हैं।
पड़ोसी राज्य बिहार की ही बात करें, तो यहां दस लाख की आबादी पर झारखंड की तुलना में कम जांच हुई, लेकिन यहां इतनी आबादी पर 758 लोग संक्रमित हुए। दूसरी तरफ, हिमाचल प्रदेश में दस लाख की आबादी पर झारखंड से दोगुने सैंपल की जांच हुई, लेकिन यहां इतनी आबादी पर झारखंड से भी कम लोग संक्रमित पाए गए।
इसी तरह, छत्तीसगढ़ में भी दस लाख की आबादी पर झारखंड से लगभग तीन हजार अधिक सैंपल की जांच हुई, लेकिन यहां भी इतनी आबादी पर झारखंड से कम लोग संक्रमित हुए। पूरे देश की बात करें, तो इतनी आबादी पर 1800 लोग संक्रमित हुए हैं। गौरतलब यह है कि राज्य में पाए गए कुल संक्रमित में 60 फीसद से अधिक स्वस्थ हो चुके हैं।
कुल पॉजिटिव में राज्यों की स्थिति
राज्य - दस लाख की आबादी पर संक्रमित - एक्टिव केस - रिकवरी रेट
मेघालय - 366 - 55.6 - 43.9
छत्तीसगढ़ - 472 - 29.0 - 70.2
हिमाचल प्रदेश - 498 - 33.8 - 65.0
मध्य प्रदेश - 506 - 22.4 - 75.1
झारखंड - 543 - 38.8 - 60.2
मिजोरम - 544 - 49.1 - 50.9
उत्तर प्रदेश - 606 - 36.2 - 62.1
राजस्थान - 726 - 24.3 - 74.2
बिहार - 758 - 33.1 - 66.3
पंजाब - 901 - 33.5 - 64.0
उत्तराखंड - 977 - 36.9 - 61.4
बंगाल - 1076 - 24.9 - 73.00
केरल - 1,086 - 34.2 - 65.3
ओडिशा - 1160 - 27.3 - 72.0
गुजरात - 1095 - 19.1 - 77.3
मणिपुर - 1283 - 43.7 - 56.0
सिक्किम - 1400 - 40.8 - 59.1
नगालैंड - 1450 - 63.9 - 35.7
हरियाणा - 1535 - 15.5 - 83.3
अरुणाचल प्रदेश - 1615 - 31.6 - 68.3
त्रिपुरा - 1627 - 24.6 - 74.5
जम्मू कश्मीर - 2005 - 28.0 - 70.1
असम - 2012 - 31.3 - 68.4
तेलंगाना - 2271 - 26.7 - 72.5
कर्नाटक - 2986 - 40.9 - 57.3
तमिलनाडु - 4155 - 16.8 - 81.5
महाराष्ट्र - 4488 - 26.9 - 69.6
आंध्र प्रदेश - 4866 - 35.6 - 63.5
गोवा - 6444 - 32.2 - 66.9
दिल्ली - 7495 - 7.4 - 89.8
(नोट : एक्टिव केस तथा रिकवरी रेट प्रतिशत में है। सभी आंकड़े 12 अगस्त तक के हैं।)