Jharkhand Coronavirus Update: दम तोड़ रहा कोरोना, झारखंड में आज मिले 74 कोरोना पॉजिटिव; जानें ताजा हाल
Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में कोरोना वायरस अब दम तोड़ रहा है। यहां संक्रमण दर में लगातार कमी आ रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले सप्ताह कोरोना संक्रमण की दर महज 0.65 फीसद रही।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus Update झारखंड में कोरोना वायरस अब दम तोड़ रहा है। यहां संक्रमण दर में लगातार कमी आ रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार राज्य में पिछले सप्ताह कोरोना संक्रमण की दर महज 0.65 फीसद रही। इससे पहले के सप्ताह में यह दर 0.89 फीसद थी। झारखंड में 18 से 24 जनवरी तक 600 नए संक्रमित ही मिले। पिछले सप्ताह रांची में भी संक्रमण दर में कमी आई है। हालांकि लोहरदगा में यह दर बढ़ गई।
अब राज्य के तीन जिले रांची, लोहरदगा और धनबाद में ही कोरोना संक्रमण की दर एक फीसद से अधिक है। अन्य सभी जिलों में यह दर एक फीसद से कम है। इधर, सोमवार को राज्य में 11,013 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 74 संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक रांची में 43 मामले मिले। चतरा, देवघर, गढ़वा, गिरिडीह, गोड्डा, गुमला, लोहरदगा, खूंटी तथा पाकुड़ में कोई संक्रमित नहीं मिला। शेष जिले में 10 से कम संख्या में ही संक्रमित मिले हैं। वहीं, राज्य के विभिन्न जिलों में 122 मरीज स्वस्थ भी हुए। हालांकि रांची में एक कोरोना मरीज की इलाज के क्रम में मौत हो गई।
पाकुड़ में चार, गिरिडीह में 18 जनवरी से नहीं मिला कोई संक्रमित
संक्रमणमुक्त हो चुके जिले पाकुड़ में चार जनवरी से कोई संक्रमित नहीं मिला है। इसी तरह, गिरिडीह में भी 18 जनवरी से कोई नया मरीज नहीं मिला। बता दें कि खूंटी जिला भी संक्रमणमुक्त हो चुका है।
साप्ताहिक संक्रमण दर (आंकड़े प्रतिशत में)
सप्ताह - रांची - झारखंड
- 7-13 दिसंबर 3.84 0.77
- 14-10 दिसंबर 4.50 1.15
- 21-27 दिसंबर 4.22 1.14
- 28 दिसंबर-3 जनवरी 6.10 1.23
- 4-10 जनवरी 6.91 1.18
- 11-17 जनवरी 6.07 0.89
- 18-24 जनवरी 4.71 0.65
किस सप्ताह कितने मिले मरीज
- 28 दिसंबर से 3 जनवरी : 1261
- 4-10 जनवरी : 1288
- 11-17 जनवरी : 869
- 18-24 जनवरी : 600