Jharkhand Coronavirus News: झारखंड में आज मिले 480 नए कोरोना मरीज, 4 की मौत
Jharkhand Coronavirus News झारखंड में 14 हजार से अधिक मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं। 370 मरीज आज स्वस्थ भी हुए। पूर्वी सिंहभूम के तीन तथा रामगढ़ के एक मरीज की मौत हुई।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Coronavirus News झारखंड में जहां लगातार नए कोरेाना संक्रमित की पहचान हो रही है, वहीं पुराने मरीज भी तेजी से ठीक हो रहे हैं। शनिवार को भी राज्य के विभिन्न जिलों में 370 मरीज कोरोना को हराते हुए स्वस्थ हुए। इससे राज्य में कोरोना को हरानेवाले मरीजों की संख्या बढ़कर अब 14,181 हो गई है। इस बीच शनिवार को भी राज्य में 480 नए मामले सामने आए। वहीं, चार मरीजों की इलाज के क्रम में मौत हो गई।
शनिवार को एक बार फिर रांची में सबसे अधिक 95 नए संक्रमित की पहचान हुई। रांची के अलावा पूर्वी सिंहभूम में 89, धनबाद में 42, पलामू में 32, खूंटी में 30, प. सिंहभूम तथा हजारीबाग में 29-29, बोकारो में 23, गढ़वा में 22, रामगढ़ में 18, लातेहार में 13, सरायकेला में 12, पाकुड़, देवघर तथा सिमडेगा में नौ-नौ, जामताड़ा में आठ, कोडरमा, गोड्डा तथा गुमला में तीन-तीन, गिरिडीह तथा साहिबगंज में एक-एक नए संक्रमित की पहचान हुई।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम में 125, सिमडेगा में 42, कोडरमा में 38, खूंटी में 33, गिरिडीह में 37, रामगढ़ में 23, सरायकेला तथा हजारीबाग में 15-15, साहिबगंज में 11, देवघर में नौ, लातेहार में आठ, जामताड़ा में छह, रांची तथा प. सिंहभूम में तीन-तीन तथा दुमका में दो मरीज स्वस्थ हुए। इधर, पूर्वी सिंहभूम के तीन तथा रामगढ़ के एक मरीज की मौत इलाज के क्रम में हो गई। बता दें कि एक दिन पूर्व शुक्रवार को राज्य में कोरोना के रिकार्ड 1,242 मामले सामने आए थे।
हालांकि विशेष अभियान के तहत रिकार्ड 30,553 सैंपल की जांच भी हुई थी। शनिवार को 5,064 सैंपल की ही जांच हुई। नए संक्रमित की पहचान तथा पुराने मरीजों के ठीक होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 8,232 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 22,672 हो गए हैं जिनमें 14,181 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 259 मरीजों की मौत हो चुकी है। हालांकि इनमें से अधिसंख्य वृद्ध या अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे।