Jharkhand Coronavirus News: झारखंड में आज मिले 517 कोरोना मरीज, 4 की मौत
Jharkhand Coronavirus जमशेदपुर के दो हजारीबाग तथा बोकारो के एक-एक मरीज की मौत हुई है। पूर्व सांसद भाजपा नेता रवींद्र पांडेय संक्रमित होने के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में कोरोना का संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पूर्व बुधवार को 1,088 नए मामले मिलने के बाद गुरुवार को भी 517 नए संक्रमितों की पहचान हुई। इस बीच पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय तथा चतरा एसपी ऋषभ झा भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। वहीं, गुरुवार को शाम तक चार मरीजों की इलाज के क्रम में मौत हो गई। कुल 754 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। रांची में सबसे अधिक 114 मरीज मिले हैं।
भाजपा नेता तथा गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय ने खुद के कोरोना संक्रमित होने की जानकारी फेसबुक के माध्यम से दी है। वे गुडग़ांव स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। वहीं गुरुवार देर शाम चतरा के पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
गुरुवार को जमशेदपुर के टीएमएच में दो और रांची के रिम्स में हजारीबाग के रहनेवाले एक 62 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। उधर, बोकारो के एक मरीज की भी रांची के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।
नए संक्रमितों की पहचान तथा पुराने मरीजों के ठीक होने के बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 9,962 हो गई है। वहीं, कोरोना के कुल मामले 26,851 हो गए हैं। हालांकि इनमें 16,566 स्वस्थ भी हुए हैं। राज्य में अबतक 323 कोरोना मरीजों की मौत इलाज के क्रम में हो गई।