Coronavirus Update: पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता की कोरोना रिपोर्ट आई निगेटिव, आज होंगे डिस्चार्ज
Jharkhand Coronavirus News Update. रिम्स के कोविड वार्ड में शिफ्ट कर इनका इलाज किया जा रहा था। बीते 10 जुलाई को इनकी कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी।
रांची, जासं। झारखंड के पलामू जिले के हुसैनाबाद के पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता की कोविड टेस्ट रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई है। बीते 10 जुलाई की इनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। इसके बाद इन्हें गांधीनगर स्थित सीसीएल अस्पताल ले जाया गया था। यहां से पूर्व विधायक ने वीडियो वायरल कर व्यवस्था पर सवाल भी खड़े किए थे। उसके बाद यहां से रिम्स के कोविड वार्ड में शिफ्ट कर इनका इलाज किया जा रहा था। बुधवार को रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद गुरुवार को इन्हें डिस्चार्ज करने की तैयारी है।
बता दें कि झारखंड में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। आम जन के बाद पुलिस-वकील और अब मंत्री-विधायक भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। कल बुधवार को रांची के विधायक सीपी सिंह भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इससे पहले मंत्री मिथिलेश ठाकुर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, हालांकि वे स्वस्थ होकर वापस घर लौट चुके हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री व झामुमो के विधायक मथुरा महतो भी कोरोना की चपेट में आए हैं। वे जमशेदपुर स्थित टाटा अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। उनकी तीसरी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। शुक्रवार को पुन: उनकी कोरोना जांच की जाएगी।
बुधवार को झारखंड में कोरोना के 480 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा 3 लोगों की मौत भी हुई है। एक दिन पूर्व मंगलवार को 422 कोरोना संक्रमित मिले थे। अभी राज्य में 3598 सक्रिय मरीज हैं। इसके अलावा 3048 मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अब तक कोरोना के कुल 6723 मामले हो गए हैं। अबतक 77 की मौत हो गई है। अबतक 2,36,438 जांच हुई है। बुधवार को 5376 जांच हुई है।