Corona in Jharkhand: झारखंड में आज तक 217 पर पहुंचा कोरोना, पढ़ें अबतक का हर अपडेट
Jharkhand Coronavirus Update Timeline झारखंड में 31 मार्च को पहला संक्रमण मिला। पहले सौ मरीज 27 दिनों में मिले थे इस बार 17 दिनों में ही सौ कोरोना पॉजिटिव मिल गए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में कोरोना का संक्रमण अब तेजी से फैलने लगा है। ऐसा बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों व अन्य लोगों के झारखंड लौटने से हो रहा है। स्थिति यह है कि अब प्रतिदिन मरीज मिलने लगे हैं। लगातार नए-नए केंटेन्मेंट जोन बढ़ रहे हैं। संक्रमण के दायरे में आनेवाले जिलों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। स्थिति यह है कि झारखंड में पहले 100 मरीज 27 दिनों में मिले थे।
लेकिन अगले 100 मरीज 17 दिनों में ही मिल गए। इससे संक्रमण बढ़ने की स्थिति का सहज आकलन किया जा सकता है। इसी तरह राज्य में पहले 50 मरीज 22 दिनों में मिले थे। इस माह इतने मरीज महज छह दिनों में ही मिल गए। अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने से राज्य सरकार भी चिंतित है। इसे लेकर बाहर से लौटनेवाले प्रवासी मजदूरों की अधिक से अधिक जांच कराने तथा सर्विलांस बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
पहली बार राज्य में एक्टिव केस 100 से पार
राज्य में अभी तक एक्टिव केस की संख्या 90 से नीचे ही रह रही थी। संक्रिमत मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के बावजूद यह संख्या आगे नहीं बढ़ पा रही थी। ऐसा मरीजों के लगातार ठीक होने से हो रहा था। एक तरह संक्रमित मरीज भी छिटपुट मिल रहे थे, वहीं दूसरी तरफ मरीज ठीक भी हो रहे थे। लेकिन अब राज्य में पहली बार एक्टिव केस की संख्या 100 से अधिक हो गई है। गुरुवार तक यह संख्या 113 पहुंच गई थी। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हाल के दिनों में मरीजों के ठीक होने की तुलना में नए संक्रमित मरीज अधिक मिले।
आठ दिनों में 81 प्रवासी मजदूर मिले संक्रमित
हाल के दिनों में जो भी कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं उनमें अधिसंख्य प्रवासी मजदूर हैं जो मुंबई, सूरत, कोलकाता आदि से लौटे हैं। स्थिति यह है कि पिछले आठ दिनों में ही राज्य में मिले 86 नए मरीजों में 81 प्रवासी मजदूर हैं।
झारखंड में ऐसे बढ़ी कोरोना मरीजों की संख्या
- पहले 50 मरीज : 31 मार्च से 22 अप्रैल तक।
- दूसरे 50 मरीज : 23 मार्च से 27 अप्रैल तक।
- तीसरे 50 मरीज : 28 अप्रैल से 08 मई तक।
- चाैथे 50 मरीज : 09 मई से 14 मई तक।
- पहले 100 मरीज : 31 मार्च से 27 अप्रैल तक। सिर्फ 28 दिनों में
- दूसरे 100 मरीज : 28 अप्रैल से 14 मई तक। सिर्फ 17 दिनों में
फैक्ट फ़ाइल
- राज्य में अब कोरोना के 63 केंटेन्मेंट जोन बन गए हैं। पहले इस जोन की संख्या 46 ही थी।
- झारखंड में मरीज 13.7 दिन में दोगुने हो रहे हैं। देश में यह दर 12 दिन है।