Jharkhand Corona Update: कोडरमा SP, झारखंड पुलिस के 128 जवान-पदाधिकारी कोरोना संक्रमित
Jharkhand Corona Update कोरोना वायरस के खिलाफ फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में काम कर रही झारखंड पुलिस के कर्मी और पदाधिकारी इसकी चपेट में है। कोडरमा के एसपी मोहम्मद एहतेशाम सहित राज्य पुलिस के 128 जवान व पदाधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Corona Update कोरोना वायरस के खिलाफ फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में काम कर रही झारखंड पुलिस के कर्मी और पदाधिकारी इसकी चपेट में है। कोडरमा के एसपी मोहम्मद एहतेशाम सहित राज्य पुलिस के 128 जवान व पदाधिकारी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं, जिनका विभिन्न जगहों पर इलाज चल रहा है। संक्रमितों में सबसे अधिक 41 विशेष शाखा के हैं, जहां 26 दारोगा कोविड-19 से संक्रमित हैं। संक्रमितों में दूसरे स्थान पर झारखंड जगुआर है, जहां के 11 पदाधिकारी-जवान इस वायरस की चपेट में हैं। संक्रमितों में दो एसपी, तीन डीएसपी, 11 इंस्पेक्टर, 31 दारोगा, 12 एएसआइ, 9 हवलदार, 53 सिपाही, दो चालक व पांच चतुर्थवर्गीय कर्मचारी शामिल हैं।
23.54 लाख लोग ले चुके पहली, 3.33 लाख ने ही ली दूसरी डोज
राज्य में अबतक 23,54,176 लोग पहली डोज का टीका ले चुके हैं। वहीं, अबतक 3,33,031 को ही दूसरी डोज का टीका लग सका है। शुक्रवार को हुए टीकाकरण में कुल 36,299 लोगों का टीकाकरण हुआ। इनमें 29,483 को पहली डोज एवं 6,816 को दूसरी डोज का टीका लगा। शुक्रवार को पहली डोज लेनेवालों में 45 वर्ष से अधिक उम्र के 29,483 नागरिक शामिल हैं। वहीं ,137 हेल्थ केयर वर्कर्स तथा 87 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने भी पहली डोज का टीका लिया।
इसी तरह, 45 वर्ष से अधिक आयु के 5015 नागरिकों, 399 हेल्थ केयर वर्कर्स तथा 1402 हेल्थ केयर वर्कर्स ने दूसरी डोज का टीका लगवाया। अबतक के टीकाकरण के बाद राज्य में कोविशील्ड की 5,20,732 तथा कोवैक्सीन की 1,92,629 डोज बची है। इधर, कोरोना टीकाकरण का एक और विशेष अभियान शनिवार से शुरू होगा जो एक मई तक चलेगा। एक मई को श्रमिक दिवस पर बड़ी संख्या में श्रमिकों के टीकाकरण की योजना है।