Coronavirus Jharkhand: झारखंड में कोरोना से आज 3 मौतें, फिर मिले 314 पॉजिटिव; जानें ताजा हाल
Jharkhand Corona Update झाररखंड में कोरोना वायरस संक्रमण एक बार फिर तेजी से वापस लौट रहा है। बीते दिन 340 कोरोना संक्रमितों की पहचान के बाद रविवार को 314 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। आज कोरोना संक्रमण से प्रदेश में 3 मौतें हुई हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Corona Update: झाररखंड में कोरोना वायरस संक्रमण एक बार फिर तेजी से वापस लौट रहा है। बीते दिन 340 कोरोना संक्रमितों की पहचान के बाद रविवार को 314 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। आज कोरोना संक्रमण से प्रदेश में 3 मौतें हुई हैं। सबसे अधिक 182 कोरोना संक्रमितों की पहचान राजधानी रांची में हुई है। जमशेदपुर में आज 40 कोरोना मरीज मिले हैं।
झारखंड में लगातार तीसरे दिन मिले 300 से अधिक मरीज
झारखंड में लगातार तीसरे दिन 300 से अधिक नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। रविवार को राज्य में 8,185 लोगों की कोरोना जांच हुई जिनमें 314 लोग संक्रमित पाए गए। रांची में सबसे अधिक 182 संक्रमित मिले । इसके बाद पूर्वी सिंहभूम में 40, बोकारो में 15, साहिबगंज में 13, धनबाद व पाकुड़ में 10-10, कोडरमा में नौ, देवघर में आठ, दुमका, गुमला में चार-चार, हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़ जामताड़ा में तीन-तीन, लातेहार में दो, गढ़वा, पलामू, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी में एक-एक नए संक्रमित मिले।
पलामू में एक मरीज मिलने से अब सभी जिलों में एक बार फिर कोरोना का संक्रमण हो गया है। इधर, रविवार को राज्य में 76 मरीज स्वस्थ भी हुए। वही, रांची, धनबाद तथा पूर्वी सिंहभूम में एक-एक मरीज की मौत हो गई। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले बढ़कर अब 1,871 हो गए हैं।
#झारखंड #कोविड19 की 28 मार्च की रात्रि 9 बजे की स्थिति:
जांचे गए सैंपल: 5846493
+ve केस: 122935
सक्रिय केस: 1871
ठीक हुए: 119955
मृत्यु: 1110
314 नए केस, 76 ठीक हुए, 3 मृत्यु @HemantSorenJMM @BannaGupta76 @MoHFW_INDIA
#Jharkhandfightscorona #Jharkhandcoronaupdat pic.twitter.com/VAZoCZ7aZo— DD News Jharkhand (@rnuddkranchi) March 28, 2021
होली में सावधानी बरतना जरूरी
राज्य में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर लगातार बढ़ रहा है। इस बार इसकी रफ्तार भी तेज है। ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बेहद जरूरी है। खासकर होली एवं अन्य पर्व त्योहारों में यह और भी आवश्यक है। राज्य सरकार ने भी लोगों से अपने घरों में परिवार के साथ ही होली मनाने की अपील की है। साथ ही सार्वजनिक जगहों पर होली मनाने पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। जुलूस पर भी रोक है।
यह सभी के हित में भी है, क्योंकि पर्व-त्योहारों में थोड़ी सी भी असावधानी से हम कोरोना की चपेट में आ सकते हैं। इससे संक्रमण और बढ़ सकता है। हमें यह समझने की जरूरत है कि जीवन है तो होली या अन्य पर्व-त्योहार हैं। जीवन में आगे भी धूमधाम से पर्व-त्योहार मनाने के अनेक मौके मिलेंगे। हम कोरोना के खिलाफ जंग जीत जाएंगे तो सार्वजनिक जगहों पर भी होली मनेगी और रामनवमी, सरहुल के उल्लासमय जुलूस भी निकलेंगे। फिलहाल तो अपने घरों में ही परिवार के साथ होली एवं अन्य पर्व-त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाना ही बेहतर है।
कोरोना से जंग जीतने के लिए टीका लेना जरूरी
कोरोना के खिलाफ जंग जीतने के लिए हमें टीका भी लेना जरूरी है। अच्छी बात यह है कि हमारे बुजुर्ग पूरे उत्साह के साथ कोरोना का टीका लगवा रहे हैं। इसमें सरकारी कर्मी ही सुस्त दिख रहे हैं। खासकर दूसरी डोज का टीका लेने में इनके द्वारा अधिक सुस्ती बरती जा रही है। इसी कारण दूसरी डोज के टीकाकरण में प्रतिदिन लक्ष्य के विरुद्घ तीन से चार फीसद टीकाकरण ही हो पाता है। इसे समझना जरूरी है कि दूसरी डोज लेने के बाद ही शरीर पूरी तरह प्रतिरक्षित हो पाता है।
राज्य सरकार टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। हमें इसका लाभ लेकर सरकार को सहयोग करना चाहिए। आनेवाले दिनों में 45 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का काेरोना का टीकाकरण होगा। इस आयु वर्ग के सभी लोग समय पर दोनों डोज का टीका लेकर अपने शरीर को कोरोना से लड़ने में सक्षम बनाएं। वैसे लोग जो कोरोना का टीका ले चुके हैं उन्हें भी पर्व-त्योहारों में आवश्यक सावधानी बरतने की जरूरत है। उम्मीद है कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सभी अपनी सकारात्मक सहभागिता निभाएंगे।