आंगनबाड़ी सेविकाओं को चयनमुक्त करने का आदेश वापस, कांग्रेस ने चोट्टा कहने पर CM को लपेटा Ranchi News Updates
कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री ने सारी मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है। वे अशोभनीय व अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं।
रांची, राज्य ब्यूरो। हड़ताल अवधि के दौरान चयनमुक्त की गईं सेविकाओं और सहायिकाओं की सेवा सरकार ने फिर से बहाल कर दी है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने इससे संबंधित आदेश सोमवार को जारी कर दिया है। उपायुक्तों को भेजे गए इस आशय के पत्र में विभाग ने सेविकाओं और सहायिकाओं पर की गई दंडात्मक कार्रवाई वापस लेने का निर्देश दिया है। इधर, झारखंड प्रदेश आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन और विभागीय सचिव के साथ मानदेय बढ़ोतरी के मसले पर सोमवार को फिर वार्ता हुई। सचिव ने इस मामले में किसी तरह का फैसला कैबिनेट के स्तर से लिए जाने की जानकारी दी।
अमर्यादित टिप्पणी कर रहे सीएम : कांग्रेस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और सह कार्यालय प्रभारी ने प्रेस कांफ्रेंस कर मुख्यमंत्री रघुवर दास पर अशोभनीय व अमर्यादित टिप्पणी करने का आरोप लगाया। कहा कि फुसरो की जन आर्शीवाद सभा में उन्होंने चोर-चोट्टा एवं कांग्रेस के 67 सालों पर अमर्यादित टिप्पणी की है। कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री ने सारी मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है। विपक्षी दलों की आलोचना स्वस्थ लोकतंत्र की परम्परा और जरूरत भी है, लेकिन मुख्यमंत्री जिस तरह के शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उसका कड़े शब्दों में भर्त्सना करती है।