CM रघुवर दास बोले, शासन के प्रति जनता का विश्वास सबसे बड़ी उपलब्धि; जनसंवाद के साढ़े चार साल पूरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार वर्षों में 92 फीसद शिकायतों का निष्पादन हुआ। जिन शिकायतों का निष्पादन नहीं हो पाया उनमें जमीन व कोर्ट से जुड़े मामले ही थे।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शासन के प्रति जनता का विश्वास बढऩे को बड़ी उपलब्धि बताई है। मुख्यमंत्री जनसंवाद के साढ़े चार वर्ष पूरा होने पर उन्होंने कहा कि नए साल में नई सरकार के साथ भी वे जनता की समस्याओं का हल करने का प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े चार वर्षों में 92 फीसद शिकायतों का निष्पादन हुआ। जिन शिकायतों का निष्पादन नहीं हो पाया उनमें जमीन व कोर्ट से जुड़े मामले ही थे।
उन्होंने कहा कि शुरू में जनसंवाद में ट्रांसफर्मर खराब होने जैसी छोटी-छोटी शिकायतें अधिक आ रही थीं। ऐसा इसलिए था क्योंकि निचले स्तर पर भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ था। अब कोई भी शिकायत ट्रांसफर्मर बदलने के लिए नहीं आती, क्योंकि अब 24 घंटे में ही खराब ट्रांसफर्मर बदल जाते हैं। उन्होंने अनुकंपा के भी सभी मामले निष्पादित किए जाने की बात कही। इससे पहले, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील वर्णवाल ने बताया कि साढ़े चार वर्षों में 4.15 लाख शिकायतें दर्ज हुईं और 17 लाख 73 हजार लोगों के साथ सीधा संवाद किया गया।
प्रत्येक 45 सेकंड पर एक कॉल जनसंवाद में आते हैं। 57 माह में 52 बार स्वयं मुख्यमंत्री ने इसमें आनेवाली शिकायतों की समीक्षा की। 1100 लोगों के साथ उन्होंने संवाद किया। लगभग चार हजार मामलों का सीधा निपटारा किया गया। इस कार्यक्रम से 15 लाख लोग लोग लाभान्वित हुए हैं जबकि 3.15 लाख शिकायतों का निष्पादन हुआ। इस कार्यक्रम को लेकर 1.80 लाख लोगों को जागरुक भी किया गया।