Jharkhand CM हेमंत सोरेन ने ताबड़तोड़ फैसलों से चौंकाया, युवाओं के लिए बेहद खास रहे ये 7 दिन...
Jharkhand CM हेमंत सोरेन ने इस सप्ताह बड़ी उपलब्धियों के साथ ही एक-पर-एक ताबड़तोड़ फैसलों से सबको चौंकाया। झारखंड में निवेश बढ़ाने के लिए स्टेकहोल्डर्स मीट कोरोना के कारण थमी आर्थिक गतिविधियां को पटरी पर लाने और नौकरियों की बहार ला दी। जानें इस हफ्ते झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण गतिविधियां
रांची, जेएनएन। Hemant Soren, Jharkhand News झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सप्ताह बड़ी उपलब्धियों के साथ ही एक-पर-एक ताबड़तोड़ फैसलों से सबको चौंकाया। झारखंड में निवेश बढ़ाने के लिए नई दिल्ली में स्टेकहोल्डर्स मीट, कोरोना वायरस संक्रमण के कारण राज्य में थमीं आर्थिक गतिविधियां को पटरी पर लाने और तकनीकी शिक्षा प्राप्त बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता देने के साथ ही प्राइवेट नौकरियों में 75 फीसद आरक्षण के फैसले से युवाओं की जिंदगी में बहार ला दी। आइए जानें इस हफ्ते झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण गतिविधियां...
उद्योग विभाग, झारखंड सरकार द्वारा ताज पैलेस, नई दिल्ली में आयोजित स्टेक होल्डर कांफ्रेंस में शामिल होकर सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड में निवेश की संभावनाओं से देशभर के उद्योगपतियों को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने कोरोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी को झारखंड में निवेश करने हेतु आमंत्रित करता हूं। सरकार के इस महती प्रयोजन का उद्देश्य प्रदेश में औद्योगिकीरण का विस्तार करना है। हमारे यहां खनन, लौह अयस्क के साथ ही कई क्षेत्रों में निवेश की असीम संभावनाएं हैं। हमारी सरकार निवेश बढ़ाने के लिए खुले माहौल में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री की पहल पर कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद सभी आर्थिक गतिविधियों को सशक्त करने के लिए झारखंड में निवेश के स्वागत के लिए रांची में भी इस तरह के आयोजन जल्द करने पर जोर दिया गया।
आईये जाने मार्च 2021 के दूसरे सप्ताह क्या रही #झारखण्ड सरकार की महत्वपूर्ण गतिविधियां। pic.twitter.com/ZYddBZ4eCc
— Office of Chief Minister, Jharkhand (@JharkhandCMO) March 14, 2021
इधर उद्योग विभाग की पहल पर इस हफ्ते इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं फ्लिपकार्ट इंटरनेट प्राइवेट लिमिटेड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। इससे राज्य में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। सिमडेगा में आयोजित 11वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय महिला सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए सीएम ने राज्य में खेल और खिलाड़ियों के विकास का कृतसंकल्प दर्शाया। इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों की टीम भाग ले रही है। मुख्यमंत्री ने हॉकी चैंपियनशिप में कहा कि खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने का काम सरकार तेजी से कर रही है। राज्य के विकास के लिए सरकार खिलाड़ियों को पूरा सहयोग करेगी।
हेमंत सरकार : साप्ताहिक समाचार (5 महत्वपूर्ण गतिविधियां)
- झारखंड में निवेश की संभावनाओं पर उद्योगपतियों से की सीधी बात
- कोरोना संकट के कारण थमी आर्थिक गतिविधियों को सशक्त करने की पहल
- खेल और खिलाड़ियों के विकास का कृतसंकल्प
- आजादी के अमृत महोत्सव का शुभारंभ
- झारखंड कैबिनेट की बैठक में बेरोजगारी भत्ता और प्राइवेट नौकरी में 75% आरक्षण पर अहम फैसला
आजादी की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित साइकिल रैली का उद्घाटन सीएम हेमंत सोरेन ने खुद ही साइकिल चलाकर किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा और उत्साह का प्रतीक है। मैं आज के दिन आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी वीर सपूतों को नमन करता हूं। इसके साथ ही राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कुल 18 प्रस्तावों पर मुहर लगाई। इसमें तकनीकी दक्ष बेरोजगारों को 5000 रुपए बेरोजगारी भत्ता और प्राइवेट सेक्टर की कंपनियों में 30000 रुपये प्रतिमाह सैलरी वाली नौकरियों में राज्य के युवाओं के लिए 75 फीसद आरक्षण का बड़ा फैसला शामिल है।
बेरोजगारों को प्रोत्साहन भत्ता, निजी क्षेत्र में स्थानीय को 75 प्रतिशत आरक्षण
लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड विधानसभा में तीन अहम घोषणाएं की। राज्य सरकार तकनीकी रूप से प्रशिक्षित लोगों को पांच हजार रुपये का प्रोत्साहन भत्ता देगी। इतना ही नहीं इस श्रेणी के अंतर्गत आने वाली विधवा, दिव्यांग और आदिम जनजाति से जुड़े लोगों को अतिरिक्त पचास प्रतिशत राशि दी जाएगी। झारखंड में संचालित निजी कारखानों और निजी कंपनियों में स्थानीय को 75 प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने सदन में कैबिनेट में लिए गए अहम निर्णयों की दी जानकारी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में कैबिनेट में लिए गए निर्णयों की जानकारी सदन से साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार लोकतांत्रिक मर्यादा को लेकर प्रतिबद्ध है। कहा, सरकार बनने के बाद से जनहित में कई कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इस दौरान सरकार ने कई चुनौतियां भी देखी लेकिन 12 मार्च को कैबिनेट की बैठक में कुछ ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। जिससे सदन को अवगत कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नियोजन के तहत तकनीकी रूप से प्रशिक्षित उम्मीदवारों को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना मद से प्रतिवर्ष 5000 रुपये दिए जाएंगे।
विधवा, दिव्यांग और आदिम जनजाति को पचास प्रतिशत की अतिरिक्त राशि
विधवा, दिव्यांग और आदिम जनजाति के लोगों को अतिरिक्त 50 प्रतिशत राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट ने यह भी फैसला लिया है कि सड़क दुर्घटना में अगर किसी की मृत्यु होती है तो उसके आश्रित को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि राज्य आपदा प्रबंधन कोष से मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने निजी क्षेत्र में स्थानीय लोगों को 75 प्रतिशत पद पर नियोजन दिए जाने की जानकारी भी सदन को दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि चूंकि यह तीनों नीतिगत फैसले हैं इसलिए सदन की गरिमा बनाए रखने के लिए सरकार ने सदन में इसकी घोषणा करने का फैसला लिया।