सरयू में फिर आया उफान... CM हेमंत सोरेन सच्चा, उनके अधिकारी झूठे...
Hemant Soren Jharkhand News पूर्व मंत्री सरयू राय ने एक बार फिर अधिकारियों द्वारा सदन में पूछे गए प्रश्न का भ्रामक और गलत उत्तर देने का मामला उठाया है। उन्होंने कहा कि सदन के समक्ष गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों पर विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई की जानी चाहिए।
रांची, जेएनएन। Hemant Soren, Jharkhand News झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 में भाजपा का दामन छोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव जीते जमशेदपुर के निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री सरयू राय ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। चुनाव में हेमंत सोरेन के लिए प्रचार करते हुए तब सरयू राय ने उन्हें सच्चा और बढ़िया नेता बताया था। लेकिन झामुमोनीत सरकार के सत्ता में आने के बाद सरकारी क्रियाकलापों को लेकर इधर सरयू राय के तेवर तल्ख दिख रहे हैं। सरयू में फिर उफान आया है। पूर्व मंत्री झारखंड विधानसभा के सदस्य होने के नाते अपने विशेषाधिकार हनन को लेकर अभी काफी मुखर हैं।
सोमवार को एक बार फिर अधिकारियों द्वारा सदन में पूछे गए प्रश्न का भ्रामक और गलत उत्तर देने का मामला उठाया। उन्होंने अपनी विशेषाधिकार सूचना में कहा कि सदन पटल पर और सदन की समितियों के समक्ष गलत जानकारी देने वाले अधिकारियों पर विशेषाधिकार हनन की कार्रवाई की जानी चाहिए।
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा के विधायक सरयू राय ने अलग-अलग तिथि में खान एवं भूतत्व विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई गवर्नेंस विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग तथा राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित सदन में सवाल पूछा था। विभाग ने इन सवालों का भ्रामक और गुमराह करने वाला जवाब दिया था।