Jharkhand: नेतरहाट जा रहे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले में शामिल दो वाहन टकराए
Jharkhand Latest News हादसे के दौरान जोरदार टक्कर के कारण सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों और जवानों के होश उड़ गए। हालांकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का वाहन आगे बढ़ता गया। स्कार्पियो वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया।
गुमला, जेएनएन। नेतरहाट जाने के क्रम में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के काफिले में पीछे चल रही दो गाडिय़ां आपस में टकरा गईं। मुख्यमंत्री का वाहन इससे काफी आगे था और वह आगे बढ़ता चला गया। बताया जाता है कि नेतरहाट जाने के क्रम में गुरुवार को जैसे ही सीएम का काफिला घाघरा के चांदनी चौक पहुंचा वैसे ही कारकेट में शामिल दो वाहनों में टक्कर हो गई। स्कार्पियों के चालक ने ऑडी गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ऑडी गाड़ी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कार्पियों को ज्यादा क्षति पहुंची।
जोरदार टक्कर के कारण सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारियों और जवानों के होश उड़ गए। हालांकि मुख्यमंत्री का वाहन आगे बढ़ता गया। स्कार्पियो वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। इस वाहन को घाघरा थाना की पुलिस बाद में थाना परिसर ले गई। स्कार्पियो में सीएमओ कार्यालय के रिपोर्टर बैठे हुए थे। उनका कैमरा उसी में छूट गया था। कैमरे को बाद में बीडीओ के वाहन से नेतरहाट भेजा गया।
बता दें कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज नेतरहाट के लिए रांची से सड़क मार्ग से निकले थे। इस दौरान वे रास्ते में लोहरदगा में भी रुके। लोहरदगा में एसपी और डीसी ने उनका स्वागत किया। यहां से वे आगे बढ़े। रास्ते में गुूमला में यह हादसा हुआ। बताया गया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुरक्षित हैं। वे नेतरहाट के लिए रवाना हो गए हैं।