Jharkhand: सीएम हेमंत सोरेन ने बच्चों-महिलाओं के बीच गर्म कपड़े का किया वितरण, बोले- जरूरतमंदों की सेवा सबका कर्तव्य
Jharkhand CM Hemant Soren News मुख्यमंत्री संत जेवियर स्कूल डोरंडा में मिशन वन मिलियन स्माइल्स के कंबल वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जरूरतमंदों को आवश्यकतानुरूप साधन उपलब्ध कराने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
रांची, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि ठंड के इस मौसम में गरीब, जरूरतमंद और निराश्रितों की मदद करना हम सभी का कर्तव्य है। ऐसे वर्ग के लोगों के लिए ठंड का मौसम काफी पीड़ादायक होता है। इन्हें सामाजिक सहयोग एवं सुरक्षा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने संत जेवियर स्कूल डोरंडा में बुधवार को मिशन वन मिलियन स्माइल्स द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं।
इस मौके पर सीएम ने स्कूल परिसर में उपस्थित जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं के बीच ऊनी वस्त्र एवं कंबल का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जरूरतमंदों को आवश्यकतानुरूप साधन उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। कोरोना वैश्विक महामारी के बीच जनजीवन सामान्य करने के लिए राज्य सरकार प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत जेवियर स्कूल परिसर में वर्षों से बच्चों की किलकारियां गूंजती आई हैं। परंतु आज वैश्विक महामारी के कारण स्कूल परिसर में शांत माहौल है।
कोरोना वायरस महामारी के संकट को देखते हुए कई व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव हुए हैं। महामारी की इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मानव जीवन ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए नए-नए तरीकों और व्यवस्थाओं को अपनाया भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सावधानीपूर्वक कदम उठाते हुए उच्च स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है, ताकि 10वीं और 12वीं क्लास में अध्ययनरत बच्चे पुन: स्कूलों में आकर पढ़ाई कर सकें। इस निमित्त फिलहाल संक्रमण के भय से स्कूलों में आने वाले बच्चों की संख्या बहुत अधिक नहीं है, लेकिन हम सबों को मन में निराशा का भाव नहीं रखना है।
खुद की सुरक्षा, दूसरों की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए सभी का सहयोग लेकर आगे का सफर तय करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई क्षेत्रों में चुनौती सामने है पर इन चुनौतियों से घबराने की जरूरत नहीं है। मिलकर हम इससे निपट लेंगे। मुख्यमंत्री ने रांची जिला प्रशासन, स्कूल प्रबंधन एवं मिशन वन मिलियन स्माइल्स द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आपके द्वारा सामाजिक सुरक्षा का दायित्व बखूबी निभाया जा रहा है।