Jharkhand Lockdown: सरकार की आमदनी 50% घटी, तब भी संपूर्ण लॉकडाउन जैसे हालात नहीं...
Jharkhand Lockdown झारखंड के के वित्त मंत्री डा. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि कोरोना संक्रमण से राजस्व संग्रहण घटकर 50 प्रतिशत हो गया है। फिलहाल कृषि खनन और निर्माण कार्य पर रोक नहीं है। इससे राजस्व संग्रहण पर पिछले वर्ष के संपूर्ण लॉकडाउन सरीखा व्यापक असर नहीं पड़ा है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Lockdown झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डा. रामेश्वर उरांव ने कहा है कि कोरोना संक्रमण से उत्पन्न स्थिति के कारण राज्य में राजस्व संग्रहण घटकर 50 प्रतिशत हो गया है लेकिन पिछले साल जैसे हालात नहीं हैं। फिलहाल कृषि, खनन और निर्माण कार्य पर रोक नहीं है। इससे राजस्व संग्रहण पर पिछले वर्ष के पूर्ण लॉकडाउन की तरह व्यापक असर नहीं पड़ा है। उरांव ने स्वीकार किया कि चालू वित्तीय वर्ष में भी राजस्व संग्रहण का लक्ष्य प्रभावित हुआ है।
वे बुधवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस राहत एवं निगरानी समिति के कंट्रोल रूम में लोगों की मदद करने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक रूप से बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे और लाल किशोरनाथ शाहदेव, डा. पी. नैयर, आदित्य विक्रम जयसवाल, आमूल्य नीरज खलखो, डा. कोमल कीर्ति, डा .प्रकाश आदि मौजूद थे।
रामेश्वर उरांव ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमण से उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर पार्टी फिलहाल पाबंदियों को जारी रखने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि संक्रमण के फैलाव पर अंकुश के लिए धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर अंकुश लगाना जरूरी है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि सभी को वैक्सीन लेना चाहिए, वैक्सीन से कोरोना संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से वैक्सीन के लिए कंपनियों को अग्रिम राशि का भी भुगतान कर दिया गया है। यदि केंद्र सरकार की ओर से वैक्सीन उपलब्ध करा दी जाती है, तो युवाओं के लिए राज्य सरकार की ओर से तुरंत टीकाकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जतायी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में वर्तमान संकट से भी जल्द ही झारखंड उबरने में सफल होगा।