Move to Jagran APP

आज दो मिनट उनके नाम जो हमारे बीच नहीं रहे: सीएम-राज्यपाल की अपील, आइए मिलकर दें श्रद्धांजलि

Dainik Jagran Sarva Dharma Prarthana Sabha Jharkhand News दैनिक जागरण संग पूरा झारखंड सर्व धर्म प्रार्थना करेगा। आप भी न चूकें। आज 14 जून को सुबह 11 बजे जहां हैं वहीं से जुड़ें। अपने दो पल मानवता के नाम समर्पित करें।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sun, 13 Jun 2021 08:15 PM (IST)Updated: Mon, 14 Jun 2021 10:36 AM (IST)
आज दो मिनट उनके नाम जो हमारे बीच नहीं रहे: सीएम-राज्यपाल की अपील, आइए मिलकर दें श्रद्धांजलि
आज 14 जून को सुबह 11 बजे जहां हैं, वहीं से जुड़ें। अपने दो पल मानवता के नाम समर्पित करें।

रांची, जागरण टीम। कोरोना वायरस ने जिन लोगों को हमसे छीन लिया है, उन्हें मिलकर श्रद्धांजलि देनी है। दैनिक जागरण ने सोमवार 14 जून को पूरे राज्य में सर्व धर्म प्रार्थना का आयोजन किया है। इसमें दिवंगतों की आत्मा की शांति और कोरोना से बीमार हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ की कामना की जाएगी। दिन के 11 बजे पूरे राज्य में दो मिनट का मौन रखकर उन लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिनका कोरोना के कारण निधन हो गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और राज्य की सभी बड़ी हस्तियों ने लोगों से अपील की है कि वे मिलकर प्रार्थना करें और दो मिनट का मौन रखें।

prime article banner

कोरोना से राज्य में पांच हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। इनमें से कई का ठीक से अंतिम संस्कार तक नहीं हो पाया। राज्य के सभी जिलों में एक साथ होने वाली सर्व धर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु इनके लिए विशेष प्रार्थना करेंगे। अपनों को खोने वाले कई स्वजन इस आयोजन में मौजूद रहेंगे। प्रार्थना के बाद मृतकों की याद में दैनिक जागरण के अभियान 'मिशन आक्सीजन' के तहत सभी जिलों में पौधे भी लगाए जाएंगे। पूरे राज्‍य में सोमवार को हजारों पौधे लगेंगे।

सीएम की अपील, आइए आज हम मिलकर प्रार्थना करें

कोरोना संकट काल में हमने काफी लोगों को खोया है। लगातार किए गए प्रयासों से अब स्थिति सामान्य होने की ओर अग्रसर है। दैनिक जागरण ने इस संकट काल में प्राण गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया है। यह पुनीत प्रयास है। आइए हम सब एक साथ 14 जून की सुबह 11 बजे दो मिनट का मौन धारण कर सभी मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें। -हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री।

सभी 24 जिलों में होगा आयोजन

-रांची के कोकर स्थित रामलखन सिंह यादव काॅलेज में सभी धर्मों के गुरु और प्रबुद्धजन एकत्र होकर सर्व धर्म प्रार्थना करेंगे। 11 बजे मौन रखा जाएगा। इसके बाद कोरोना के जिन लोगों की मौत हुई है, उनकी याद में पौधारोपण होगा। सांसद संजय सेठ और रांची नगर निगम के उप महापौर संजीव विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे।

-पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों में सर्व धर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया है। मुख्य आयोजन जमशेदपुर के मानगो स्थित महेंद्र विवाह भवन में रखा गया है। इसमें शहर के प्रबुद्धजन भाग लेंगे। उधर, भाजपा, भाजमो समेत सभी संगठनों की ओर से जगह-जगह प्रार्थना सभा होगी। पौधरोपण भी होगा।

-पश्चिम सिंहभूम जिले के सभी प्रखंडों में श्रद्धांजलि दी जाएगी। उपायुक्त की ओर से सभी विभागों को पत्र जारी किया गया है। तारा मंदिर, टुंगरी में हवन होगा। टाटा स्टील, गुवा सेल, मारवाड़ी युवा मंच, रोटरी क्लब, लायंस क्लब व विभिन्न संस्थाएं गांवों में सर्व धर्म प्रार्थना करेंगी। इसके बाद कई जगह पौधारोपण होगा। मझगांव मुस्लिम अंजुमन कमेटी की ओर से सामूहिक दुआ का आयोजन किया जाएगा।

-सरायकेला खरसावां जिले में दो जगह मुख्य आयोजन रखा गया है। उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त अरवा राजकमल और नगर पंचायत टाउन हाल में नगर पंचायत अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक के नेतृत्व में सर्व धर्म प्रार्थना सभा होगी। इन दोनों कार्यक्रमों में संबंधित क्षेत्र के प्रबुद्ध लोग, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता और धर्म गुरु शामिल होंगे।

-लोहरदगा शहरी क्षेत्र में दैनिक जागरण द्वारा गुरुकुल शांति आश्रम परिसर व नगर भवन में सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई है। जामा मस्जिद में भी दुआ मांगी जाएगी। इन स्थानों पर पौधारोपण भी होगा। गुरुकुल शांति आश्रम परिसर में सभी धर्मों के लोग उपस्थित रहेंगे। गुरुकुल के ब्रह्मचारी वैदिक रीति-रिवाज से हवन भी करेंगे। उधर, प्रखंड मुख्यालयों में भी सभा आयोजित की गई है।

-पलामू जिले में आयुक्त कार्यालय परिसर में सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई है। इसमें जिला मुख्यालय के प्रशासनिक अधिकारी और प्रबुद्धजन भाग लेंगे। वहीं प्रखंड मुख्यालयों में भी सभाएं आयोजित की गई हैं। हिन्दू, मुस्लिम, सिख व ईसाई धर्मावलंबी के ज्ञाता अपने-अपने धर्म का पाठ करेंगे। इसके बाद पलामू के आयुक्त जटाशंकर चौधरी पौधारोपण कर दैनिक जागरण के ऑक्सीजन है वरदान अभियान का शुभारंभ करेंगे।

-चतरा जिले में मुख्य आयोजन शहीद स्मारक पर होगा। यहां सर्व धर्म प्रार्थना सभा में शहर के तमाम सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे। यहां श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। सभा के पश्चात पौधारोपण भी होगा।

-लातेहार जिले के ब्लड बैंक में मुख्य कार्यक्रम रखा गया है। यहां विधायक बैद्यनाथ राम और सिविल सर्जन डाॅ. संतोष श्रीवास्तव मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। सभी धर्मों के गुरु प्रार्थना करेंगे। इसके बाद दो मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद शहर के प्रबुद्धजन पौधारोपण करेंगे। इसके पश्चात रक्तदान भी करेंगे।

-गढ़वा में जिला मुख्यालय समेत विभिन्न प्रखंड मुख्यालयों में सरकारी व गैरसरकारी संस्थानों के कर्मचारी दो मिनट का मौन रखेंगे। हर जगह सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित होगी। मृतकों की याद में पौधारोपण होगा। दैनिक जागरण द्वारा जिला मुख्यालय गढ़वा में नवादा मोड़ के बीएसकेडी न्यू बिल्डिंग परिसर में सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित होगी। इसमें सभी धर्मों के धर्म गुरु प्रार्थना करेंगे।

-गुमला में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, चेंबर आफ काॅमर्स, गुरुद्वारा प्रबंधन, सर्व धर्म प्रार्थना सभा, कैथोलिक सभा, लायंस क्लब ऑफ गुमला, भारतीय जनता पार्टी, बार एसोसिएशन व विभिन्न संगठनों द्वारा सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित की जाएगी।

-कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया के गांधी आश्रम में दैनिक जागरण की ओर से सर्व धर्म प्रार्थना सभा होगी। सभी धर्मों के गुरु मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रार्थना करेंगे। इसके बाद पौधारोपण होगा। इस आयोजन में प्रशासनिक अधिकारी और शहर के समाजसेवी व संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।

-रामगढ़ जिले में जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालय तक सर्व धर्म प्रार्थना सभा आयोजित की गई है। इसमें हजारों नागरिक शामिल होंगे। भुरकुंडा और कुजू में भी यह आयोजन होगा। सभी थानों, डीसी व एसपी कार्यालय में भी लोग दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद पौधा लगाएंगे।

-धनबाद में पंचशील परिसर में सर्व धर्म प्रार्थना सभा होगी। इसके अलावा झरिया, कतरास, चासनाला पाथरडीह, पुलिस लाइन, हाउसिंग कालोनी समेत अन्य इलाकों में भी प्रार्थना सभा में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी। पौधारोपण भी किया जाएगा।

-बोकारो जिले में मुख्य कार्यक्रम बोकारो सदर अस्पताल परिसर में डीसी राजेश सिंह की मौजूदगी में होगा। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना होगी। पौधारोपण भी किया जाएगा। चास एसडीएम कार्यालय, रेडक्राॅस सोसाइटी कार्यालय के अलावा सभी प्रखंड में एक सामूहिक प्रार्थना सभा कोरोना से बचाव के उपायों का पालन करते हुए होगी।

-गिरिडीह में शहर से लेकर गांव तक सर्व धर्म प्रार्थना सभा एवं पौधारोपण होगा। दो दर्जन से अधिक जगहों पर सभा होगी। समाहरणालय परिसर में मुख्य आयोजन में उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।

-दुमका इंजीनियरिंग कॉलेज में सर्व धर्म प्रार्थना सभा होगी। परिसर में ऑक्सीजन है वरदान अभियान के तहत पौधारोपण होगा। बासुकीनाथ में प्रार्थना सभा, पौधारोपण और रक्तदान शिविर होगा।

-गोड्डा मे शहीद स्तंभ परिसर में श्रद्धांजलि सभा होगी। गोड्डा विधानसभा के विधायक अमित मंडल, डीसी भोर सिंह यादच, डीडीसी अंजलि यादव, एडीओ ऋतुराज, एसडीपीओं आनंद मोहन सिंह समेत अन्य अधिकारी रहेंगे। सभी धर्मों के धर्म गुरु विशेष प्रार्थना करेंगे।

-जामताड़ा के जेबीसी परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना सभा होगी। ग्यारह बजे दो मिनट का मौन रखा जाएगा। पौधारोपण भी होगा। समाहरणालय परिसर, बदलाव फाउंडेशन परिसर, जामताड़ा बाजार, सुभाष चौक, दुमका रोड पर भी प्रार्थना सभा है। सभी प्रखंडों में भी सर्वधर्म प्रार्थना सभा होगी।

-पाकुड़ के बैंक काॅलोनी स्थित जिला स्टेडियम में सभा का आयोजन 11 बजे किया गया है। प्रार्थना सभा में फादर इमानुएल चित्रकार, अंजर काशमी, संजय शुक्ला, रामचंद्र सिंह होंगे।

-साहिबगंज में मुख्य कार्यक्रम धोबी झरना के योग भवन में होगा। सभी धर्मों के लोग सामूहिक प्रार्थना करेंगे। इसके बाद कोरोना संक्रमितों की याद में पौधारोपण भी होगा। संत जेवियर स्कूल में प्रार्थना सभा में स्कूल के बच्चे भी जूम एप के माध्यम से शामिल होंगे।  

-देवघर में सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन नगर निगम सभागार में होगा। यहां धर्म गुरु प्रार्थना करेंगे। अन्य लोग भी शरीक होंगे। बाबा बैद्यनाथ मंदिर में प्रात:कालीन पूजा के वक्त कोरोना से राहत के लिए विशेष पूजा होगी। पौधारोपण भी होगा। अपनों को खो चुके स्वजन उनकी याद में पौधारोपण करेंगे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.