Mission Shakti : भारत बना चौथी महाशक्ति, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने वैज्ञानिकों को दी बधाई
PM Narendra Modi Addresses The Nation. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अंतरिक्ष में हासिल की गई सफलता की सराहना की।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत के चौथी महाशक्ति बनने पर खुशी जाहिर की है। अपने बयान में सीएम ने कहा है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बुधवार को देश को मिशन शक्ति के कामयाब ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी, यह हमारे देश की तकनीकी दक्षता को दर्शाता है। रघुवर ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश लगातार किस प्रकार सुरक्षित हो रहा है यह उसका सबूत है। बता दें कि भारत के अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने बुधवार को बहुत बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मिशन शक्ति के कामयाब होने के साथ ही हमारा देश अब अंतरिक्ष से होने वाले हमले या किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सीएम ने कहा कि देश की सुरक्षा की दृष्टि से आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। मिशन शक्ति के सफलतापूर्वक पूरा होने से भारत स्पेस वार एलिट क्लब में शामिल हो गया है यानी अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत चौथा देश है जिसका अंतरिक्ष पूरी तरह से सुरक्षित हो गया है। यह 21वीं सदी की लंबी छलांग है। आने वाले समय में हमारा जीवन काफी हद तक अंतरिक्ष पर ही निर्भर रहने वाला है।
रघुवर ने कहा कि इसमें कम्युनिकेशन सिस्टम, नेवीगेशन जैसी महत्वपूर्ण चीजें शामिल है। यह मिशन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें इस्तेमाल सारे उपकरण देश में ही निर्मित किए गए थे। देश में निर्मित मिसाइल के माध्यम से हमारे वैज्ञानिकों ने मात्र 3 मिनट में 300 किलोमीटर ऊपर उड़ रहे एक लो अर्थ ऑर्बिट उपग्रह को मार गिराया है। इससे दूसरे देशों द्वारा हमारे देश की जासूसी नहीं की जा सकेगी। इस मिशन के लिए उच्च कोटि की तकनीकी क्षमता जरूरी है। कठिन ऑपरेशन होने के बावजूद भारत ने यह उपलब्धि हासिल की है। हमारे वैज्ञानिकों को बहुत-बहुत बधाई।
यह भी पढ़ें : पीएम मोदी ने बताया- लो अर्थ ऑर्बिट में सैटेलाइट को मारकर दुनिया की चौथी महाशक्ति बना भारत