CM Hemant Soren बोले, हम अपनी राह बना रहे, अब नहीं चलेंगे उल्टा पांव; युवाओं को दीं शुभकामनाएं
7th JPSC Exam 2021 झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड लोक सेवा आयोग में किस्मत आजमाने वाले युवाओं को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 नियुक्तियों का वर्ष होगा और राज्य में खाली पड़े पदों पर बड़े पैमाने पर नियुक्तियां होंगी।
रांची, राज्य ब्यूरो। 7th JPSC Notification, Hemant Soren, 7th JPSC Exam 2021 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड लोक सेवा आयोग की नियमावली में संशोधन को युवाओं के लिए लाभप्रद बताया है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों की अधिकतम उम्र सीमा में चार वर्ष सात माह की छूट से नौजवानों को लाभ होगा। प्रोजेक्ट भवन सचिवालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हम राह भी बना रहे हैं और मंजिल भी सुनिश्चित कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि विगत 20 वर्ष से यह राज्य उल्टा पांव चल रहा था। न कोई राह थी न मंजिल। बस चलते जाना है। झारखंड लोक सेवा आयोग को 1950-51 के बाद पहली बार अपनी नियमावली मिली है। 2016 में अंतिम झारखड लोक सेवा आयोग की आखिरी परीक्षा आयोजित की गई थी। इस हालात में राज्य के पढ़े-लिखे युवाओं की क्या दुर्गति हुई, यह किसी से छिपी नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे जो हमारी जो सोच और उद्देश्य है, उसे हमने बेहतर करने का प्रयास किया है। हमारा उद्देश्य है कि राज्य के अधिक से अधिक शिक्षित नौजवानों को इसका लाभ मिले। उन्होंने झारखंड लोक सेवा आयोग में किस्मत आजमाने वाले युवाओं को शुभकामनाएं भी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2021 नियुक्तियों का वर्ष होगा और बड़े पैमाने पर नियुक्तियां भी होंगी।