Jharkhand Budget Session: एमजीएम दुष्कर्म मामला पर सरकार ने कहा, जमशेदपुर के सिटी एसपी करेंगे जांच
Jharkhand Budget Session झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के आठवें कार्यदिवस शुक्रवार को भाजपा सदस्यों ने एमजीएम दुष्कर्म कांड को लेकर विरोध जताया।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Budget Session झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के आठवें कार्यदिवस शुक्रवार को एक बार फिर सदन में भाजपा विधायकों ने अपना विरोध जताया है। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले को यहां सदस्यों ने जोर-शोर से उठाया। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सदन में दुष्कर्म की घटना को संदेहास्पद बताया, जिस पर भाजपा के सदस्य वेल में आकर विरोध जताने लगे। सरकार की ओर से जमशेदपुर एमजीएम में महिला संग दुष्कर्म मामला की जांच कराने का फैसला किया गया है। साकची थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। जमशेदपुर के सिटी एसपी पूरे मामले की जांच करेंगे।
जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में एक महिला संग दुष्कर्म के मामले पर शुक्रवार को विधानसभा में भाजपा के विधायकों ने हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए विधायक वेल में चले आए। इस बाबत विधायक भानुप्रताप शाही ने आसन को सूचित करते हुए कहा कि एमजीएम में महिला से बलात्कार की घटना के बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि यह सूबे के स्वास्थ्य मंत्री का गृह क्षेत्र है। इसपर भाजपा के विधायक हंगामा करते हुए वेल में आ गए। स्पीकर के आग्रह के बाद वे वापस अपनी सीट पर लौटे।
इस बीच मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि मामले का अनुसंधान जारी है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार ने जांच आरंभ कर दी है। मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी कहा कि साकची थाने में केस दर्ज किया गया है। सिटी एसपी इस मामले के जांच अधिकारी बनाए गए हैं। हालांकि यह सस्पेक्टेड (संदेहास्पद) मामला है। इसपर नीलकंठ सिंह मुंडा उखड़ गए। उन्होंने कहा कि मंत्री मामले को संदेहास्पद बता रहे हैं। यदि सरकार की मंशा ठीक है तो एसपी से पूछें। घटना के 24 घंटे बीत चुके हैं। आलमगीर आलम ने फिर कहा कि हर हाल में दोषी को सजा होगी। इसके बाद भाजपा के विधायक शांत हुए।