Jharkhand Budget Session: गले में पोस्टर टांगकर विधानसभा पहुंचे BJP विधायक, इरफान के बयान पर हंगामा
Jharkhand Budget Session झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन एक बार फिर बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग पर जोरदार हंगामा हुआ है।
रांची, जेएनएन। Jharkhand Budget Session झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का पांचवां कार्यदिवस भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। भाजपा विधायकों ने कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी के विवादित बयान को लेकर वेल में उतरकर हंगामा किया और एक स्वर में उनकी सदस्यता रद करने की मांग की। सदन को आर्डर में लाने की स्पीकर रवींद्र नाथ महतो की तमाम कोशिशें नाकामयाब साबित हुईं। हंगामा बढ़ता देख स्पीकर ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
दूसरी पाली में भी जस की तस स्थिति बनी रही। भाजपा विधायकों ने करीब आधा घंटा हंगामा करने के बाद सदन का बहिष्कार कर दिया। इस बीच सदन के बाहर इरफान अंसारी ने कहा कि गाली देना मेरे आचरण में नहीं है। अगर किसी को उनकी बात बुरी लगी है तो वे माफी मांगते हैं। गुरुवार को सदन में भाजपा विधायक बैनर ओढ़कर पहुंचे, जिस पर बाबूलाल को नेता प्रतिपक्ष घोषित करो... और लोकतंत्र की हत्या बंद करो... जैसे स्लोगन लिखे हुए थे। यह देखकर स्पीकर खासा नाराज दिखे।
उन्होंने कहा कि सदन को मजाक न बनाएं। आप प्रमुख विपक्षी दल हैं। आज बैनर लटकाकर आए हैं कल ढोल-मजीरा लेकर घुस जाएंगे। क्या आसन मान ले कि आपलोग यही करेंगे। स्पीकर की तल्ख टिप्पणी के बाद भाजपा विधायकों ने चर्चा का रुख मोड़ दिया। विधायक भानु प्रताप शाही ने इरफान अंसारी के बुधवार के विवादित बयान को आधार बनाते हुए कहा कि उन्होंने पूरे विपक्ष को अपशब्द कहा है। स्पीकर ने कहा कि अनावश्यक चर्चा से सदन का समय जाया होता है। सदन की गरिमा बनाए रखें, कौन कहां क्या बोला। यह सदन का विषय नहीं है। अपनी बात रखने के साथ ही भाजपा विधायक वेल में आ गए और कहने लगे कि उनकी बात सुनी जानी चाहिए।
स्पीकर ने कहा कि आपकी बात प्रोसीडिंग में आ गई है। आपको ऐसा क्यों लगता है कि आपकी बात सुनी नहीं जाएगी। भाजपा विधायकों ने कहा कि इरफान अंसारी ने सारे विपक्ष को अपशब्द कहे हैं। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि यह सदन के बाहर की बात है, भीतर की नहीं। स्पीकर ने भी समझाया कि सदन के अंदर की बात नहीं है, फिर भी आपने अपनी बात रखी और वह वह प्रोसीडिंग का हिस्सा भी बनी। आपके विषय को ले लिया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सदस्य सम्मानित हैं, चाहे वे पक्ष के हों या विपक्ष के। किसी को विधायक के अपमान की इजाजत नहीं है।
इरफान बोले, मेरी बात सुन लें सारी बात समाप्त हो जाएगी
कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने विवाद बढ़ता देख सदन में अपना पक्ष रखना चाहा। उन्होंने कहा कि उनकी बात सुनी जाए, सारा मामला ही समाप्त हो जाएगा। कहा, मै विपक्ष को विश्वास दिलाता हूं कि उन्हें संतुष्ट कर दूंगा। स्पीकर ने भी कहा कि आप सभी जिनकी बात से आहत हुए हैं, उनकी बात सुन लेनी चाहिए। कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने भी सदस्यों से इरफान अंसारी की बात सुनने को कहा। बावजूद इसके भाजपा विधायक उनकी बात सुनने को राजी नहीं हुए।
पहली बार वेल में आए नीलकंठ सिंह मुंडा व रामचंद्र चंद्रवंशी
इरफान अंसारी की टिप्पणी से आहत भाजपा के वरिष्ठ विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा और रामचंद्र चंद्रवंशी पहली बार वेल में उतरे और अन्य भाजपा विधायकों के साथ उन्होंने अपना विरोध दर्ज कराया। नीलकंठ सिंह मुंडा ने समाचार पत्रों का हवाला देते हुए कहा कि क्या ऐसा शब्द विधायकों का अपमान नहीं है। इनकी सदस्यता रद की जाए। नहीं तो इनका मनोबल और बढ़ेगा।
प्रदीप यादव बोले, आपके कहने से सदन नहीं चलेगा
भाजपा विधायकों के हंगामे पर प्रदीप यादव ने कहा कि आपके कहने से सदन नहीं चलेगा। सदन के अंदर की बात भी नहीं है। फिर भी यदि किसी ने कुछ कहा है तो यह आपत्तिजनक है। सदन की कार्यवाही को आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा परिसर का भ्रमण किया और वहां लगे सोलर प्लांट की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा के विभिन्न गेट की जानकारी ली। वे विधानसभा परिसर में लगे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के पास भी गए।
हेमंत सोरेन ने नए विधानसभा भवन का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को नए विधानसभा भवन का निरीक्षण किया। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने पूरे विधानसभा परिसर में भ्रमण कर प्रवेश द्वार से संबंधित जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विद्युत के लिए परिसर में उपयोग किए जा रहे सौर ऊर्जा की तारीफ की। उन्होंने विधानसभा स्थित अस्पताल का भी निरीक्षण किया और चिकित्सकों से जरूरी जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के अनुरोध पर उनके साथ तस्वीर भी खिंचाई।