विपक्ष विहीन लोकतंत्र चाहते हैं हेमंत : दीपक प्रकाश
मुख्यमंत्री विपक्ष विहीन लोकतंत्र नेता प्रतिपक्ष विहीन विधानसभा चाहते हैं।
राज्य ब्यूरो, रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जितनी भूमिका सत्ता पक्ष की है उससे अधिक भूमिका विपक्ष की है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री विपक्ष विहीन लोकतंत्र, नेता प्रतिपक्ष विहीन विधानसभा चाहते हैं। ज्ञात हो कि एक दिन पहले सीएम हेमंत सोरेन ने कहा था कि भाजपा अभी तक नेता प्रतिपक्ष नहीं तय कर सकी है। कहीं ऐसा न हो कि उनका पूरा समय बिना नेता प्रतिपक्ष के ही निकल जाए।
दीपक प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने भले ही राज्य में सत्ता नही प्राप्त की है, लेकिन जनता का अपार जन समर्थन भाजपा और एनडीए गठबंधन के साथ है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिले वोटों के आंकड़े को साझा करते हुए कहा कि चुनाव में भाजपा ने 50 लाख से ज्यादा वोट प्राप्त किए थे। बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में उनकी तत्कालीन पार्टी और आजसू पार्टी को प्राप्त मतों को जोड़ दें तो आंकड़ा 58 लाख को भी पार कर जाता है, जबकि महा गठबंधन में शामिल झामुमो, कांग्रेस एवम राजद ने अपने झूठे वादों के बल पर सिर्फ 52 लाख वोट ही प्राप्त किए थे।
दीपक प्रकाश ने कहा कि अब यह साबित हो गया है कि सत्ता पक्ष के इशारे पर नेता प्रतिपक्ष की घोषणा नही हो रही और विधानसभा अध्यक्ष किकर्तव्यविमूढ़ बने हुए हैं, जबकि भाजपा ने सभी संवैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की हैं। प्रकाश ने कहा कि यह लोकतंत्र है सत्ता आती और जाती है, लेकिन लोकतंत्र की गाड़ी पक्ष और विपक्ष की दो पटरियों पर ही तेज दौड़ती है। मुख्यमंत्री के मुंह से ऐसी बातें शोभा नही देती।