Bihar News: सिवान से रांची जा रही थी नवविवाहिता, चलती ट्रेन से 5 लाख के जेवर उड़ा ले गए चोर
Bihar News Jharkhand News बिहार के सिवान से रांची आ रहे राजू सिंह की पत्नी के जेवरात चलती गाड़ी से चोरी हो गए। उन्होंने हटिया जीआरपी में मामला दर्ज कराया है। राजीव ने बताया कि बोकारो स्टेशन पर उनकी पत्नी ने देखा तो पर्स से जेवरात चोरी हो गए थे।
रांची, जासं। बिहार के सिवान से रांची आ रहे राजू कुमार सिंह के जेवरात चलती गाड़ी से चोरी हो गए हैं। उन्होंने हटिया जीआरपी में मामला दर्ज कराया है। राजीव कुमार सिंह ने जीआरपी को बताया कि बोकारो स्टेशन के पास जब उनकी पत्नी ने देखा तो उनके पर्स से जेवरात चोरी हो गए थे। हटिया जीआरपी ने मामला दर्ज कर इसे बोकारो जीआरपी को भेज दिया है। इससे पहले 27 फरवरी को रांची रेलवे स्टेशन पर चोरों ने एक महिला के पर्स से 75000 रुपये के गहने चोरी कर लिए थे। इसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
बिहार के शूटरों से चार लाख की सुपारी देकर कराई गई थी जमीन कारोबारी धर्मदेव की हत्या
रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हुंडरू में 30 अप्रैल को हुई जमीन कारोबारी धर्मदेव साहू उर्फ गब्बर की गोली मारकर हत्या मामले रांची पुलिस ने पूरी तरह से खुलासा कर लिया है। धर्मदेव साहू उर्फ गब्बर की हत्या जमीन के विवाद में हुई थी। उनका एयरपोर्ट के ही हुंडरू बस्ती निवासी विनोद गोप उर्फ बिन्नु गोप से एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में विनोद गोप ने चार लाख रुपये की सुपारी देकर बिहार के शूटरों की मदद से उनकी हत्या करवा दी थी।
जमीन विवाद में हुई थी हत्या, बिहार के तीन शूटर गिरफ्तार
रांची पुलिस ने तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें कंकड़बाग पटना का रहने वाला सूरज राज उर्फ सन्नी, सत्यम कुमार पाठक उर्फ सत्या और बिहार के नालंदा का रहने वाला कृष्णा कुमार शामिल है। एक अन्य शूटर बिहार के नालंदा निवासी दिनेश कुमार अभी फरार है। सत्यम कुमार पाठक उर्फ सत्या मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के नेचुआ जलालपुर का रहने वाला है। इस पूरे मामले में अब तक छह आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य आरोपित विनोद गोप अभी फरार है। रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में इसका खुलासा किया।
अब तक छह आरोपित हो चुके हैं गिरफ्तार
उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक जमीन को लेकर धर्मदेव साहू का विनोद गोप से विवाद चल रहा था। पूर्व में भी दोनों पक्ष में गोलीबारी हुई थी, जिसमें विनोद गोप व उसके सहयोगी जेल भेजे गए थे। जेल से बाहर आने के बाद ही विनोद गोप ने धर्मदेव साहू की हत्या की योजना बनाई। इसके लिए विनोद ने अपने सहयोगी सुधीर कुमार की मदद से बिहार के शूटरों से संपर्क साधा। इसके लिए चार लाख रुपये की सुपारी भी दी थी और धर्मदेव की हत्या करवा दी थी। मुख्य आरोपित विनोद गोप अब भी फरार है, जबकि छह आरोपित निकु, सुधीर, विकास, जय सिंह, भोलू और राहुल गोप को पुलिस ने पहले ही गिरफ्ता कर जेल भेज दिया है।
मुख्य आरोपित विनोद गोप है फरार
धर्मदेव साहू की हत्या में विनोद गोप को उसके चालक निकु कुमार गुप्ता, गोलू गोप, सुधीर कुमार, राहुल गोप, विशाल सिंह व भोला साहू ने सहयोग किया। बिहार से बुलाए गए शूटरों को हत्या के लिए चोरी की दो मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई गई। मोटरसाइकिल जय सिंह ने उपलब्ध कराया था। कुछ दिनों तक धर्मदेव की रेकी के बाद 30 अप्रैल को शूटरों को मौका मिल गया। तब धर्मदेव अपने भतीजे के बारात में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। विनोद गोप ने अपने दो सहयोगियों को रेकी के लिए लगाया था। धर्मदेव साहू घर से अभी कुछ दूरी पर ही पहुंचे थे कि पहले से घात लगाए शूटरों ने उनपर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। मौके पर ही धर्मदेव की मौत हो गई थी।
कुटे के एक मकान में ठहराए गए थे बिहार से बुलाए गए शूटर
एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि विनोद गोप के कहने पर बिहार से बुलाए गए किराए के शूटरों को रांची आने पर कुटे स्थित प्रमोद महतो के घर में ठहराया गया था। जब तीन शूटर पकड़े गए तो पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुटे स्थित प्रमोद महतो के घर में भी छापेमारी की तो वहां से तीन बैग व दो मोबाइल पुलिस को मिले। उक्त मोबाइल का इस्तेमाल धर्मदेव हत्याकांड मं किया गया था।