जोनल बैंड प्रतियोगिता के बालक व बालिका वर्ग में झारखंड चैंपियन Ranchi News
जोनलस्तरीय बैंड प्रतियोगिता में बालक वर्ग में झारखंड की टीम ने ओडिशा को हराया तो बालिका में बिहार को पीछे छोड़ा।
रांची, जासं। जोनलस्तरीय बैंड प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में झारखंड चैंपियन बना। जैप वन ग्राउंड में रविवार को हुई प्रतियोगिता में बालक वर्ग में झारखंड की टीम ने ओडिशा को हराया, तो बालिका में बिहार को पीछे छोड़ा। बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में तीसरे स्थान पर अंडमान निकोबार की टीम रही। मानव संसाधन विकास मंत्रालय नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, ओडिशा एवं अंडमान निकोबार की टीमों ने भाग लिया था। टीमों के साथ मार्गदर्शक, शिक्षक एवं अनुदेशक भी पहुंचे थे।
प्रतिभा को सही दिशा देने की जरूरत
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) के निदेशक उमाशंकर सिंह के निर्देश पर आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ जेईपीसी के ओएसडी जयंत कुमार मिश्र, अंतरविद्यालीय बैंड प्रतियोगिता नई दिल्ली के स्टेट कोऑर्डिनेटर गिरिजा शंकर, राज्यस्तरीय बैंड कार्यक्रम समन्वयक धीरसेन सोरेंग एवं पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि डॉ. अश्विनी तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। जयंत मिश्रा ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत है समय रहते उन्हें सही दिशा देने की। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभा को निखारना है। बच्चे शुरू से अपना लक्ष्य का निर्धारण कर उस पर ईमानदारी से मेहनत करें।
अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व कर रहे प्रतिभागियों ने बैंड के धुन की शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल में रवींद्र राम, उमेश थापा एवं दिवाकर लामा ने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का आकलन किया। विजेता बालक एवं बालिका दोनों संवर्गों की टीम को 23 जनवरी 2020 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।