Coronavirus Jamshedpur: जमशेदपुर में आज फिर मिले 26 कोरोना पॉजिटिव; जानें ताजा हाल
Jamshedpur Coronavirus Cases News Update झारखंड में आज 59 कोरोना संक्रमित मिले। जमशेदपुर में शनिवार को फिर से 26 कोरोना पॉजिटिव की पहचान की गई है।
रांची, जेएनएन। Jamshedpur Coronavirus Update झारखंड में शनिवार को एक बार फिर से 59 कोरोना संक्रमितों की पहचान की गई है। इनमें सबसे अधिक मामले जमशेदपुर से सामने आए हैं। यहां कुल 26 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। इनमें से अधिकतर प्रवासी मजदूर हैं। ये हाल के दिनों में दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता से जमशेदपुर आए हैं। जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्ला ने आज के ताजा मामलों की पुष्टि की है। बताया कि संबंधित इलाके की पहचान कर कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। सुरक्षा संबंधी तमाम एहतियात बरते जा रहे हैं।
बताया गया कि संक्रमित इलाके में बैरिकेडिंग कर लोगों के घरों से बाहर निकलने की सख्त मनाही की गई है। आज मिले सभी 26 कोरोना संक्रमितों को कोविड अस्पताल में दाखिल कराया गया है। इन 26 कोरोना मरीजों में 8 डुमरिया, 4 पोटका, 3 चाकुलिया, 2 बारीडिह, 2 सोनारी और एक-एक मामले एग्रिको, हल्दीपोखर, जेम्को, मानगो और बर्मामाइंस के रहने वाले हैं। आज के ताजा आंकड़ों के साथ ही जमशेदपुर, पूर्वी सिंहभूम में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 306 पर पहुंच गया है।