JAC 8th Board Exam: 8वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू, झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने मांगी विद्यार्थियों की जानकारी
JAC 8th Board Exam पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी हाल में कोई भी विद्यार्थी का नाम नहीं छूटे। इसलिए सूची देने से पहले यह सुनिश्चित जरूर कर लें कि कोई भी सूची से बाहर तो नहीं है।
रांची, जासं। वर्ष 2021 में होने वाली आठवीं बोर्ड की परीक्षा की तैयारी को लेकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल तैयारी कर रहा है। जैक के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अरविंद विजय बिलुंग ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे छात्रों की संख्या सहित अन्य जानकारी मांगी है। दो दिनों के अंदर सभी विद्यालयों को सूची उपलब्ध करा देनी है।
पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी हाल में कोई भी विद्यार्थी का नाम नहीं छूटे। इसलिए, सूची देने से पहले यह सुनिश्चित जरूर कर लें कि कोई भी सूची से बाहर तो नहीं है। शिक्षा पदाधिकारियों से विद्यालय का नाम, कोटि, यू-डायस कोड, विद्यार्थियों की संख्या सहित अन्य आंकड़े मांगे गए हैं।
स्कूल-कालेज खोलने की मांग
प्राईवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने सीएम हेमंत सोरेन के नाम पत्र लिखकर स्कूल-कॉलेज खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्याॢथयों के अध्ययन एवं शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लिए दिशा-निर्देश जारी किया था। राज्य सरकार को सुविधानुसार इस संदर्भ में विचार विमर्श करने की सलाह दी गई थी।
15 अक्टूबर के बाद अनलाक- 5 में स्कूलों/शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ सिनेमाघर, मल्टीप्लेक्स खुल रहे हैं। अधिकांश विद्यालय बंदी के कगार पर हैं। आर्थिक तंगी व पारिवारिक समस्याओं के उपरांत शिक्षक/कर्मचारी आत्महत्या करने को विवश हो गए हैं। इसलिए विद्यालय खोला जाए। उन्होंने कहा कि बाजार खुल गए हैं। शराब दुकानें तक खोल दी गई है। ऐसे में स्कूल-कालेज खोलने में क्या समस्या हो रही है। सरकार इस ओर जरूर ध्यान दे।