बाबूलाल ने झारखंड में बताई श्रमिक आयोग के गठन की जरूरत
रांची भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने वर्तमान परिस्थितियों का हवाला देते हुए राज्य में में श्रम आयोग के गठन की आवश्यकता पर बल दिया है।
रांची : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने वर्तमान परिस्थितियों का हवाला देते हुए राज्य सरकार को श्रमिक आयोग गठित करने का सुझाव दिया है। मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की सरकार ने मजदूरों की पीड़ा और परेशानी को देखते हुए श्रमिक आयोग के गठन का निर्णय लिया है। झारखंड सरकार को भी इसी तर्ज पर आयोग का गठन करना चाहिए।
बाबूलाल ने मुख्यमंत्री को वापस लौट रहे प्रवासी श्रमिकों का विस्तृत डाटा उनकी योग्यता के अनुसार तैयार करने का भी सुझाव दिया है। कहा, जो भी प्रवासी मजदूर लौटे हैं, वे किस क्षेत्र में दक्ष हैं इसका पूरा विवरण तैयार करना होगा। रियल एस्टेट, आइटी व इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नीशियन, बिल्डिंग चालक, ब्यूटीशियन, ऑटोमोबाइल, फर्नीचर आदि के काम में कितने लोग पारंगत हैं, सभी का जिलावार डाटा तैयार हो। फिर उनके हुनर के हिसाब से रोजगार सृजन किया जाए। लोककल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान का एक वर्ष : दीपक प्रकाश
रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने मोदी सरकार 2.0 के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल को शुभकामनाएं दी हैं। प्रकाश ने कहा कि मोदी सरकार-2.0 का पहला वर्ष गरीब कल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान को समíपत है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अंत्योदय के लक्ष्य को साकार करने के लिए जो कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं, उसे इस काल खंड में और विस्तारित किया गया। कहा, पूरा विश्व समुदाय कोरोना संकट के बीच कमजोर अर्थव्यवस्था से गुजर रहा है, ऐसे में 20 लाख करोड़ के पैकेज के साथ 'आत्मनिर्भर भारत' का संकल्प खड़ा करना, मोदी जैसे दूरदर्शी और दृढ़ निश्चय वाले नेतृत्व से ही संभव है। प्रकाश ने कहा कि मोदी 2.0 राष्ट्रीय स्वाभिमान को बढ़ाने वाला वर्ष रहा। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्यों एवं केंद्रीय नेतृत्व को बधाई देते हुए कहा कि झारखंड के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित है। कोरोना संकट की अवधि में सोशल मीडिया एवं व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से 35 लाख घरों तक पहुंचने की तैयारी है।