रांची में स्थापित जीसैट- 11 के ग्राउंड सब स्टेशन से अंडमान निकोबार में इंटरनेट सेवा शुरू
जुमार पुल के पास बीएसएनएल कार्यालय परिसर में बने इसरो के जीसैट-11 से अंडमान निकोबार में इंटरनेट कनेक्शन शुरू है। जीसैट 20 के बेस का निर्माण जारी है।
विक्रम गिरी, रांची
जुमार पुल के पास बीएसएनएल कार्यालय परिसर में बने इसरो के जीसैट-11 के ग्राउंड सब स्टेशन ने काम करना शुरू कर दिया है। इससे अंडमान निकोबार में इंटरनेट सेवाएं शुरू हो गई हैं। झारखंड के उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिलेगा। कमजोर नेटवर्क से लोगों को राहत मिलेगी। देश के चार अलग-अलग हिस्सों में इस ग्राउंड सब स्टेशन की स्थापना की गई है। रांची के अलावा इनमें बेंगलुरु, अहमदाबाद, दिल्ली शामिल है। इसके साथ ही रांची में उसी कैंपस में इसरो (इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन) के सेटेलाइट जीसैट-20 के ग्राउंड सब स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू है। इससे दुर्गम पहाड़ी इलाकों में बिना टावर के नेटवर्क का जाल बिछाने में मदद मिलेगी। एलएनटी कंपनी को दिया गया है काम
जुमार पुल स्थित बीएसएनएल कार्यालय परिसर में जीसैट-20 के बन रहे ग्राउंड सब स्टेशन के निमार्ण का काम एलएनटी कंपनी को दिया गया है। यह भी कुछ माह के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। इससे पहाड़ी इलाकों में नेटवर्क कमजोर रहने के कारण वीडियो कांफ्रेंसिंग में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगी। इसकी मदद से देश के सभी गावों को नेटवर्क से जोड़ा जा सकता है। रांची सहित पूरे झारखंड के लोगों को भी नेटंवर्क का लाभ मिलेगा।
इस प्रोजेक्ट में वी सैट इंस्टॉलेशन का काम ह्यूंज कंपनी को मिला है। वहीं, कई अन्य कंपनियां भी इस प्रोजेक्ट से जुड़ी हुई हैं। इसी प्रोजेक्ट के तहत एचईसी धुर्वा में भी एक सेटेलाइट एंटिना लगाया गया है। जो विकल्प के तौर पर मौजूद रहेगा। अगर कभी कोई परेशानी होगी तो इस एंटीना की मदद ली जाएगी।