सदर अस्पताल की व्यवस्था संभालने को दो अहम निर्णय, आइसीयू में चार चिकित्सक पदस्थापित, मरीजों के परिजनों के लिए परिसर में मुफ्त खाने की व्यवस्था
मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से की गई व्यवस्था सामाजिक संगठनों से किया गया समझौता। जा
- मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से की गई व्यवस्था, सामाजिक संगठनों से किया गया समझौता
जागरण संवाददाता, रांची : कोविड स्पेशल रांची के सदर अस्पताल की व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार को मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी गरिमा सिंह की ओर से दो अहम निर्णय लिए गए। पहले निर्णय के तहत अस्पताल के आइसीयू के सुचारू संचालन के लिए दो अलग-अलग समूह में कुल चार चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। दोनों समूहों में तैनात चिकित्सक को दो शिफ्ट में अपनी सेवाएं देंगे। इसमें ग्रुप क में डा. नीरज कुमार व डा. निर्जल कुमार तथा ग्रुप ख में डा. कुमार गौरव व डा. जसवंत जोसुवा को पदस्थापित किया गया है। यह सभी दो शिफ्ट में सुबह सात से तीन तथा अपराह्न तीन से रात ग्यारह बजे तक अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा अस्पताल परिसर के अंदर मरीजों के परिजनों को निश्शुल्क खाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके लिए सामाजिक संगठनों के साथ समझौता किया गया है। मरीजों के परिजनों को खाने-पीने में भारी समस्या आ रही थी।
कोरोना को करें डाउन अभियान के तहत कई वार्ड में नालों की हुई सफाई
रांची नगर निगम ने बरसात में होने वाले जलभराव को रोकने के लिए और कोरोना के दौरान शहर को साफ सुथरा रखने के लिए 'चलो कोरोना को करें डाउन, रांची बनेगा नंबर वन टाउन' अभियान चला रखा है। इस अभियान के तहत रोज विभिन्न वार्डों में बड़े नाले व नालियों और इलाकों की साफ सफाई की जा रही है। इसी सिलसिले में शनिवार को वार्ड नंबर 20 बड़ा लाल स्ट्रीट, वार्ड नंबर 15 अंसार नगर, वार्ड नंबर 49 सचिवालय कॉलोनी, मनी टोला, जामुन के पेड़ के पास, केजीएन कॉलोनी में हबीब मेडिकल स्टोर के पास, किलबर्न कॉलोनी, नालंदा अपार्टमेंट के पास, वार्ड नंबर 40 में बिरसानगर ए टाइप, सेक्टर 35, सेक्टर 3, वार्ड नंबर 53 में नायक टोली, वार्ड नंबर 2 हाथ बस्ती और भीठा बस्ती, वार्ड नंबर 12 मौलाना आजाद कॉलोनी, वार्ड नंबर 18 नवाटोली एवं रजत राय गली आदि जगहों पर पे लोडर मशीन और सफाई कर्मियों की मदद से नाले और नालियों की सफाई की गई। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि शहर वासी नाले नालियों की सफाई में किसी तरह की कोताही हो रही है या कुछ सलाह देना चाहते हैं तो नगर निगम के कंट्रोल रूम के नंबर 0651 22000 11 पर फोन कर सकते हैं।