Indian Railways: रांची-हावड़ा शताब्दी ट्रेन का परिचालन जल्द, मुरी होकर चलेगी पुरी-आनंद विहार
IRCTC Indian Railways रेलवे की ओर से जारी ट्रेनों की सूची में दो ऐसे ट्रेनों का नाम भी शामिल है जिसका लाभ झारखंड के यात्रियों को मिलेगा। यात्रा के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करने का भी निर्देश है।
रांची, जेएनएन। झारखंड में ट्रेन से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने रांची-हावड़ा शताब्दी एक्सप्रेस के परिचालन को अनुमति दे दी है। इससे रांची से कोलकाता जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। भारतीय रेलवे की ओर से कल जारी की गई 39 जोड़ी ट्रेनों की सूची में रांची-हावड़ा शताब्दी ट्रेन का नाम भी शामिल है। हालांकि ट्रेन के शुरू होने की तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि नवरात्र से पहले इसे हरी झंडी दे दी जाएगी।
इसके अलावा रेलवे की ओर से जारी ट्रेनों की सूची में दो ऐसे ट्रेनों का नाम भी शामिल है, जिसका लाभ झारखंड के यात्रियों को मिलेगा। पहला भुवनेश्वर-आनंद विहार एसी एक्सप्रेस और दूसरा भुवनेश्वर-नई दिल्ली दूरंतो एक्सप्रेस है। ये दोनों ट्रेनें भी झारखंड से ही होकर गुजरेंगी। इससे स्वाभाविक है कि देश की राजधानी सफर करने वाले झारखंड के यात्रियों को फायदा होगा। रेलवे ने उन्हीं रूटों पर ट्रेनों के संचालन की अनुमति दी है, जहां यात्रियों का दबाव अधिक है।
नौ अक्टूबर से मुरी होकर दिल्ली के लिए चलेगी पुरी-आनंद विहार स्पेशल
रेलवे ने नई दिल्ली के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह ट्रेन मुरी होकर गुजरेगी। ट्रेन संख्या जीरो 2875 पूरी आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 9 अक्टूबर से हफ्ते में 3 दिन चलेगी। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिया है। ट्रेन हफ्ते में प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन पुरी से चलकर खुरदा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जाजपुर, भद्रक, सोरो, बालासोर, जलेश्वर, हिजली, घाटशिला, टाटानगर, मूरी, बोकारो, चंद्रपुरा और गया होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी।
सुबह 10.55 पर पुरी से रवाना होगी ट्रेन
ये ट्रेन पुरी से सुबह 10:55 बजे रवाना होगी। ट्रेन शाम 7:30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचेगी। वहां से शाम 7:40 बजे चलकर रात 10:10 पर मुरी पहुंचेगी। मुरी से बोकारो स्टील सिटी और गया होते हुए ट्रेन आनंद विहार पहुंचेगी।
आनंद विहार से सुबह साढ़े छह बजे रवाना होगी ट्रेन
इसी तरह ट्रेन नंबर 02876 आनंद विहार-पुरी स्पेशल ट्रेन नौ अक्टूबर से प्रत्येक मंगलवार, शुक्रवार और रविवार को आनंद विहार टर्मिनल से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 5:28 पर मुरी और 7:30 बजे टाटानगर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इसके साथ ही रेलवे ने ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए गाइडलाइन भी जारी किया है। रेलवे के अनुसार यात्रा के दौरान कोरोना से बचाव के विशेष इंतजाम किए गए हैं। यात्रियों से कहा गया है कि आरोग्य सेतु एप अपने मोबाइल में जरूर रखें। इसके बिना यात्रा की अनुमति नहीं होगी। ट्रेन में यात्रियों को मास्क, सैनिटाइजर का प्रयोग करना अनिवार्य है। यात्रा के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करने का भी निर्देश है।