पति ने पत्नी का सिर मुंडवा कर कालिख पोत गांव में घुमाया, जानें क्या रही वजह Palamu News
Palamu Jharkhand Crime News इस संबंध में महिला ने पलामू के चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इससे पूर्व महिला के साथ मारपीट की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पति और उसकी बहन समेत 10 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
चैनपुर (पलामू), जासं। Palamu Jharkhand Crime News पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में घर से भागी महिला को उसके पति ने कालिख पोतकर गांव में घुमाया। इससे पूर्व उसने महिला का सिर भी मुंडवा दिया। घटना रविवार रात की है। इस बाबत पीड़ित महिला ने सोमवार को चैनपुर थाना में अपने पति, ननद समेत 8-10 महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के अनुसार शादीशुदा उक्त महिला करीब एक माह पूर्व घर छोड़ कर खरोह गांव के अपने प्रेमी शहादत अंसारी के साथ फरार हो गई थी।
कुछ दिनों तक बाहर रहने के बाद वह चैनपुर थाना क्षेत्र के लादी गांव में डेरा लेकर रह रही थी। इधर पहले से ही ढूंढ रहे उसके परिवार वालों को इसकी जानकारी मिली। इसके बाद महिला के पति समेत अन्य लोग रविवार की शाम उसे पकड़कर गांव ले आए। बताया जाता है कि रात में महिला के साथ मारपीट की गई। उसका बाल मुंडवा कर व चेहरे पर कालिख पोत कर गांव में घुमाया गया। उसके बाद महिला को उसके प्रेमी खरोह गांव निवासी शहादत अंसारी के घर भेज दिया गया।
इधर सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस दोनों को थाना ले आई। चैनपुर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि महिला के बयान के आधार पर उसके पति दिलीप उरांव व ननद प्रियंका देवी समेत आठ-दस अन्य महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। महिला शादीशुदा है और उसका 5 वर्ष का एक पुत्र भी है। बताया जाता है कि उक्त महिला पूर्व में भी अपने घर से भागी थी व कुछ दिन बाद वापस आ गई थी। इधर उसका प्रेमी शहादत अंसारी भी शादीशुदा है। वह दो बेटे का बाप है।