Jharkhand: पति-पत्नी बन चला रहे थे देह व्यापार, पुलिस की रेड में 2 कॉल गर्ल सहित 7 गिरफ्तार
Jharkhand News रांची में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। मौके पर पुलिस के पहुंचते ही फ्लैट में खलबली मच गई। फ्लैट में दो युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
रांची, जासं। रांची के अरगोड़ा इलाके में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने दो कॉल गर्ल सहित सात को गिरफ्तार किया है। अरगोड़ा इलाके के एक अपार्टमेंट में स्थित फ्लैट में देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छामेमारी की। मौके से पुलिस ने शराब सहित कई आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। अरगोड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार को जानकारी मिली थी कि अरगोड़ा थाना क्षेत्र के तारामणि स्टेट अपार्टमेंट के एक फ्लैट में देह व्यापार चल रहा है।
इस सूचना पर अरगोड़ा थाने की पुलिस टीम ने अपार्टमेंट के फ्लैट में छापेमारी की। मौके पर पुलिस के पहुंचते ही फ्लैट में खलबली मच गई। फ्लैट में दो युवक और युवतियां आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए। पुलिस को देख कर उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में दोनों युवतियों और दो युवकों को धर दबोचा गया। फ्लैट के दूसरे कमरे की तलाशी में तीन और लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। छापेमारी के क्रम में फ्लैट से शराब सहित कई आपत्तिजनक सामान मिले हैं।
अनिल नाम का व्यक्ति चला रहा था देह व्यापार
जानकारी के अनुसार इस देह व्यापार का सरगना अनिल नाम का व्यक्ति है। अनिल को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है। जिन दो युवतियों को पुलिस ने देह व्यापार चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है, उनमें से एक को अनिल अपनी पत्नी बताकर किराये पर फ्लैट ले रखा था। उसकी आड़ में देह व्यापार का धंधा चला रहा था। गिरफ्तार दो युवतियों में एक लातेहार के बालूमाथ की वहीं दूसरी जमशेदपुर के कदमा की रहने वाली है।
मकान मालिक को नहीं थी मामले की जानकारी
तारामणि अपार्टमेंट के जिस फ्लैट में देह व्यापार का धंधा चल रहा था, उसके मकान मालिक को अनिल ने अपने आप को सरकारी कर्मचारी बताकर किराये पर घर लिया था। मकान मालिक ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि फ्लैट में गलत काम किया जा रहा है। पुलिस कई पहलुओं पर छानबीन भी कर रही है।