दिल्ली में फिर बिकी झारखंड की लड़की, मां को झांसा दे 12 साल की बेटी को ले उड़े दलाल; पुलिस ने किया बरामद
Human Trafficking अज्ञात नंबर से आए कॉल ने मां को बेटी का पता दे दिया। रांची के 12 साल की लड़की को दिल्ली के शुभम एनक्लेव में जबरन रखा गया है और प्रताड़ित किया जा रहा है।
रांची, जासं। Human Trafficking in Jharkhand मानव तस्करी के लिए देश-दुनिया में बदनाम झारखंड की एक बेटी फिर से दिल्ली में बेच दी गई है। हालांकि उसकी माता की गुहार पर रांची पुलिस ने दिल्ली सीडब्लूसी की मदद से दिल्ली में बरामद कर लिया गया है। नाबालिग को लाने के लिए रांची पुलिस की टीम दिल्ली रवाना होगी। पुलिस अपनी सुरक्षा में नाबालिग को वापस लाएगी।
12 साल की इस नाबालिग को दिल्ली के शुभम एनक्लेव में किसी अरोड़ा के घर रखा गया था और उससे जबरन नौकरानी का काम लिया जा रहा था। पीड़िता की मां के पास किसी अनजान नंबर से आए कॉल ने बेटी का पता उसे बताया। रांची के कोतवाली थाना स्थित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में मानव तस्करी का मामला दर्ज कराया गया है।
झारखंड की एक बेटी को फिर से दलालों ने दिल्ली में बेच दिया है। 12 साल की यह नाबालिग दिल्ली के किसी इलाके में शुभम इनक्लेव में जबरन नौकरानी बनाकर रखी गई है। इस मामले में राजधानी रांची के कोतवाली थाना स्थित एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में मानव तस्करी का मामला दर्ज कराया गया है। मानव तस्करों ने रातू थाना क्षेत्र के कमड़े में रहने वाली एक 12 वर्षीय बच्ची को मानव तस्करों ने करीब आठ माह पहले दिल्ली ले जाकर बेच दिया। इसके बाद लगातार उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। इसे लेकर पीड़िता की मां ने एफआइआर दर्ज कराते हुए बेटी को वापस लाने की गुहार लगाई।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया है कि नवंबर 2019 में वह किसी काम से बाहर गई थी। घर लौटने पर पता चला कि उसकी बेटी घर पर नहीं है। काफी खोजबीन करने पर पता चला कि गुमला निवासी सूरजदीप भगत, उसकी पत्नी सुषमा टोप्पो और दीपिका बाड़ा ने उसकी बेटी को दिल्ली के शुभम एंक्लेव स्थित सनी अरोड़ा व अचल अरोड़ा के पास घरेलू कामकाज के लिए बेच दिया है। जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां कई बार दीपिका से संपर्क कर अपनी बेटी को वापस मंगवाने की आरजू मिन्नत करती रही। लेकिन आरोपितों ने रीता की मां को लगातार टहलाया।
अज्ञात नंबर से आई कॉल से बेटी का मिला पता
पीड़िता की मां व अन्य परिजन बेटी की तलाश में भटकते रहे। इसी बीच एक अज्ञात नंबर से आए कॉल ने बेटी का पता दे दिया। अज्ञात नंबर से आया कॉल बेटी का ही था। नाबालिग पीड़िता ने अपनी मां को फोन कर बताया कि उसे दिल्ली के शुभम एनक्लेव में जबरन रखा गया है और प्रताड़ित किया जा रहा है।
पीड़िता द्वारा बताई गई बातों के आधार पर उसकी मां ने थाने में लिखित शिकायत की है। और पूरे मामले की जानकारी दी है। इसके बाद 24 जुलाई को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर दर्ज किए जाने के 2 दिनों बाद भी पुलिस पीड़िता की बरामदगी के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर सकी है।