6 लड़कियाें को राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली ले जा रहे थे तस्कर, 'नन्हे फरिश्ते' ने रांची में मुक्त कराया
Human Trafficking in Jharkhand सिमडेगा के एसपी को मिली सूचना मिली थी कि इन लड़कियों को तस्करी कर दिल्ली ले जाया जा रहा है उन्होंने यह जानकारी एसएसपी को दी। इसके बाद जीआरपी के जवानों ने लड़कियां बरामद कर लीं।
रांची, जासं। राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली ले जाई जा रही 6 नाबालिग लड़कियां रांची रेलवे स्टेशन से बरामद कर ली गई हैं। इन लड़कियों को काम दिलाने के बहाने दिल्ली ले जाया जा रहा था। सिमडेगा के एसपी को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने रांची के एसएसपी को मामले से अवगत कराया। एसपी के आदेश पर सदर थाना प्रभारी के निर्देश के बाद खादगढ़ा चौकी इंचार्ज भीम सिंह रेलवे स्टेशन पहुंचे और जीआरपी के इंचार्ज रमेश की मदद से सिमडेगा की तीन लड़कियों को बरामद किया।
इसके अलावा आरपीएफ की नन्हे फरिश्ते टीम ने तीन नाबालिग लड़कियों को राजधानी एक्सप्रेस से उतारकर चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है। सिमडेगा के एसपी को मिली सूचना मिली थी कि इन लड़कियों को तस्करी कर दिल्ली ले जाया जा रहा है उन्होंने यह जानकारी एसएसपी को दी। इसके बाद जीआरपी के जवानों ने राजधानी एक्सप्रेस से तीन लड़कियां बरामद कर लीं।
लड़कियों से पूछताछ की गई तो वह यह नहीं बता पाईं कि दिल्ली में उन्हें कहां ले जाया जा रहा है। लड़कियों ने पहले बहाना बनाया कि वह अपने दीदी के यहां जा रही हैं। लेकिन उनकी दीदी दिल्ली में कहां रहती हैं, उस जगह का नाम वह नहीं बता पाईं। इन लड़कियों के साथ जा रहे तीन युवकों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।